नगर बाजार। थाना क्षेत्र कप्तानगंज के रतास उर्फ कपतानगंज गांव में रास्ते के विवाद को लेकर महिलाओं के बीच मारपीट और ईंट-पत्थर चलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विरोधियों ने रास्ते से गुजरने से रोकते हुए हमला कर दिया। इस दौरान जेवर व सामान भी गायब हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गांव निवासी अकालपती, रामबुझारत व आशा देवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शशिप्रभा पत्नी राजेश कुमार चौधरी ने थाने में दी तहरीर में बताया कि घर के रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। विरोधी पक्ष उन्हें खड़ंजे के रास्ते से आने-जाने नहीं दे रहा, जबकि खुद उसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। बताया कि 28 अप्रैल की सुबह घर पर नहीं थीं, उनकी देवरानी शिखा अकेली थी। इसी दौरान विरोधियों ने गाली-गलौज करते हुए ईंट फेंककर हमला कर दिया।
आरोप है कि किसी तरह शिखा जान बचाकर घर के अंदर घुस गई। सूचना पाकर जब वह गांव पहुंचीं तो आरोप है कि अकालपती, रामबुझारत व आशा देवी ने मिलकर उन पर भी हमला कर दिया। किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई और घटना का वीडियो भी बना लिया, जो साक्ष्य के रूप में उनके पास है।
घटना के दौरान शशिप्रभा का चश्मा, गाड़ी की चाबी और कान की बाली गायब हो गई। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और काफी तलाश की, लेकिन सामान बरामद नहीं हो सका।
प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी गई है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।