बस्ती। जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में बुधवार को मिशन शक्ति टीम सक्रिय रही और विद्यालयों व गांवों में चौपालों के माध्यम से महिलाओं और छात्राओं को जागरूक किया गया। अभियान के तहत महिलाओं/बालिकाओं को न केवल अपराध के प्रति सजग रहने की जानकारी दी गई, बल्कि शासन-प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1930 और हेल्पडेस्क वेबसाइट http://cybercrime.gov.in का प्रयोग करने के बारे में भी बताया गया।
थाना कोतवाली की टीम ने विभिन्न स्थानों पर बहु-बेटी सम्मेलन आयोजित कर हेल्पलाइन नंबरों के प्रयोग के प्रति लोगों को संवेदनशील किया। गौर संवाद के मुताबिक मिशन शक्ति टीम ने एसआर शुक्ला अकादमी, सुजिया में महिलाओं और छात्राओं को जागरूक किया और अपराध के खिलाफ आवाज उठाने हेतु अपील की। नगर बाजार संवाद के अनुसार पिंक बूथ टीम ने ग्राम माली टोला में बहु-बेटी सम्मेलन आयोजित कर महिलाओं को सुरक्षित रहने की जानकारी दी।
कलवारी संवाद के अनुसार टीम ने सन, राइज चिल्ड्रन अकादमी, चकदह और ग्राम गौसपुर में छात्राओं को जागरूक करते हुए हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग पर जोर दिया। दुबौलिया संवाद के अनुसार थाना की टीम ने ग्राम चुईल बाबू बस्ती में और पुरानी बस्ती की टीम ने सोनारजोत में बहु-बेटी सम्मेलन आयोजित किया। एएचटीयू टीम ने रेलवे और बस स्टेशन पर महिलाओं और बालिकाओं को नारी सशक्तिकरण और आत्मरक्षा की जानकारी दी। इसके अलावा वाल्टरगंज, हरैया, कप्तानगंज और लालगंज थाना क्षेत्रों में भी मिशन शक्ति टीम ने बहु-बेटी सम्मेलन और चौपाल आयोजित कर महिलाओं/बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग और अपराध के खिलाफ आवाज उठाने के महत्व के बारे में बताया।