नगर बाजार (बस्ती)। थाना क्षेत्र के बसहवा गांव के एक खेत के पास पानी भरे गड्ढे में रविवार की सुबह 50 वर्षीय महिला का शव सड़ी-गली अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। देर शाम तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। पुलिस अब सोशल मीडिया के जरिये शव की शिनाख्त कराने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, सुबह चरवाहे पशुओं को चराने गए थे। उनकी नजर खेत के पास पानी भरे गड्ढे में पड़े शव पर गई। चरवाहों के शोर मचाने पर गांव वालों की भीड़ जुट गई। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पाकर फुटहिया चौकी प्रभारी आनंद सिंह मौके पहुंच गए। आसपास के लोगों से शव के शिनाख्त कराने की कोशिश की, मगर कामयाबी नहीं मिल पाई।
नगर बाजार के थानेदार भानु प्रताप सिंह ने बताया कि शव चार-पांच दिन पुराना लग रहा है। कुछ लोग महिला के शिनाख्त के लिए जिला अस्पताल भी पहुंचे थे।