- बभनान चीनी मिल से गन्ना लादकर जा रहा था ट्राला, पैर भी कुचला
बभनान। हरैया की तरफ से बभनान चीनी मिल गन्ना लाद कर जा रहे ट्राले के पिछले पहिए की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला ट्राले के बगल से गुजर रही थी, इसी दौरान महिला स्कूटी लेकर गिर गई और ट्राले का पहिया उसके पैर पर चढ़ गया। स्थानीय लोगों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, पैकोलिया थाना क्षेत्र के कठौतिया सावंडीह की रहने वाली शीतल राजभर (30) अपने गांव की शोभा के स्कूटी से बभनान जा रही थी। अभी वह बभनान बाजार पहुंची ही थी कि बभनान चीनी मिल से गन्ना लादकर जा रहे ट्राले के पिछले पहिए की चपेट में आ गई। हादसे में शीतल का पैर कुचल गया जबकि स्कूटी चला रही शोभा को भी चोट लगी है।
वहीं, दूसरी घटना स्टेशन चौराहे पर हुई। जहां आमने-सामने दो बाइक सवार की टक्कर हो गई। इसमें एक बाइक सवार को गंभीर चोट लगी जबकि दूसरा मौके का फायदा उठाकर भाग निकला। पैकोलिया थाना क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी कुंदन (18) बभनान बाजार आया हुआ था वह स्टेशन के पीछे से गुजर रहा था कि तभी सामने से अनियंत्रित होकर बाइक सवार ने उसे ठोकर मार दिया। कुंदन के हाथ व पैर में गंभीर चोट लगी, बाद में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस संबंध में चौकी प्रभारी बभनान अजय नाथ कनौजिया ने बताया कि ट्राला का पिछला चक्का चढ़ जाने से स्कूटी पर बैठी महिला के पैर में गंभीर चोट आई है। उसे इलाज के लिए चिकित्सकों ने रेफर किया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।