साड़ी के फंदे से लटकी मिली महिला की लाश, बर्खास्त होमगार्ड पर केस
नगर बाजार (बस्ती)। नगर थाना क्षेत्र के कुसमौर गांव की 34 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव कमरे के छत की कुंडी में साड़ी के फंदे से लटका पाया गया। सूचना पाकर एसओ, सीओ सहित अन्य मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गए। वहीं देर शाम मृतका के भाई की तहरीर पर होमगार्ड पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया।
कुसमौर निवासी संदीप चौहान महाराष्ट्र के पुणे में मजदूरी करते हैं। घर पर पत्नी सीमा तीन बच्चों के साथ रहती थी। जिसमें 12 वर्षीय बेटी शिवानी इन दिनों मामा के घर महुली संतकबीरनगर गई थी। घर में 10 वर्ष का बेटा राज और आठ वर्षीय अमन साथ थे। बुधवार देर रात दोनों बच्चों को खाना खिलाकर सीमा ने खुद भी खाना खाया। इसके बाद सभी सो गए। बेटे ने पुलिस को बताया कि भोर में उसकी नींद खुली तो राजेंद्र नाम का व्यक्ति उसकी मां से झगड़ रहा था। इसके बाद फिर वह सो गया। सुबह नींद खुली तो मां को फंदे से लटका देख डर गए। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जुटे। सूचना पर पहुंचे मृतका के भाई राजू ने बताया कि राजेंद्र होमगार्ड था और बहनोई संदीप का दोस्त भी। पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा का कहना है कि अभी तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस उचित कार्रवाई करेगी। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है।