गौर। घर से गौर बाजार स्थित बैंक आ रही महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। उसकी पहचान थाना क्षेत्र के ग्राम पौनी जप्ती गांव निवासी पवन कुमार की पत्नी अमृता देवी (32) के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार, अमृता देवी बुधवार को सुबह करीब 10:30 बजे के आसपास पौनी जप्ती गांव से किसी काम से बैंक आ रही थी। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। गौर थाने के एसआई राम प्रकाश यादव ने बताया कि महिला की पहचान हो गई है। प्रथम दृष्ट्या ट्रेन की चपेट में आने से मौत लग रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संवाद
चोरी हुआ बिजली का तार बरामद, दो गिरफ्तार
पैकोलिया। सरनागी मोड़ के पास से चोरी बिजली का तार पुलिस ने बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र यादव ने बताया कि जलालाबाद नहर के पास 30 मई की रात बिजली के पोल से तार काट लिया गया था। उपखंड के जेई राम प्रकाश वर्मा की तहरीर पर छह जून को केस दर्ज कर छानबीन की जा रही थी। मंगलवार की रात सरनागी के मोड़ से सूरज निवासी टिकुइया और सुरेश वर्मा निवासी दुबौलिया जीतीपुर को पकड़ा गया। दोनों की निशानदेही पर चोरी के 10 बंडल तार, वारदात में प्रयुक्त बाइक और तार कटर भी बरामद किया गया है। दोनों ने बताया कि वे दोस्त हैं और प्राइवेट बिजली का काम करते हैं। दोनों को न्यायालय भेजा गया, जहां से जेल भेज दिया गया। संवाद
देवर पर लगाया छेड़खानी का आरोप, केस दर्ज
बस्ती। ससुराल में विवाहिता को प्रताड़ित करने व छेड़खानी के मामले में कोर्ट के आदेश पर हर्रैया पुलिस ने केस दर्ज किया है। मायके में रह रही विवाहिता की शादी अयोध्या जनपद के कोतवाली क्षेत्र में हुई है। विवाहिता का आरोप है कि शादी के बाद ससुराल जाने पर दहेज की मांग की गई। कहा गया कि दहेज में चार लाख रुपये कम मिले हैं। इसके लिए उन्हें मारापीटा गया। अपशब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है ससुराल में रहने के दौरान उनके देवर ने छेड़खानी की। संवाद
अवैध तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार
कलवारी। राम जानकी मार्ग पर सीएचसी बहादुरपुर के पास से पुलिस ने रामू उर्फ मोनू चौरसिया निवासी टिनिच शुक्ल थाना गौर को तमंचे के साथ गिरफ्तार किया। प्रभारी थानाध्यक्ष जितेंद्र मिश्र ने बताया कि मंगलवार दोपहर में उप निरीक्षक लालजी यादव टीम के साथ वाहन चेकिंग कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध को रोक कर पूछने पर उसने अपना नाम रामू उर्फ मोनू चौरसिया निवासी टिनिच शुक्ल थाना गौर बताया। उसके पास से 315 बोर का तमंचा तथा 10,510 रुपये और एक मोबाइल बरामद हुआ। शस्त्र अधिनियम में केस पंजीकृत किया। संवाद
दो ट्रेलर की टक्कर, एक का चालक घायल
कलवारी। बस्ती टांडा मार्ग पर माझा खुर्द चौकी के पास बुधवार को दो ट्रेलर की टक्कर में चालक प्रतापगढ़ के नवाबगंज थाना क्षेत्र के कुसवापुर निवासी अभिषेक यादव घायल हो गया। दूसरा चालक वाहन लेकर चला गया। अभिषेक को स्थानीय पुलिस ने एंबुलेंस से सीएचसी बहादुरपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे महामाया मेडिकल कालेज आंबेडकर नगर रेफर कर दिया गया। अभिषेक यादव ट्रेलर लेकर कलवारी की तरफ से आंबेडकर नगर जा रहे थे। हादसे में गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। संवाद
पांडेय बाजार से चोरी बाइक बरामद, दो गिरफ्तार
बस्ती। पुरानी बस्ती पुलिस ने सोमवार-मंगलवार की रात पांडेय बाजार से चोरी बाइक को बरामद कर लिया है। बाइक चोरी के दो आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया है। पांडेय बाजार निवासी संजय कुमार गुप्ता ने तहरीर देकर बताया था कि उनके घर से सामने से किसी ने बाइक चुरा ली। केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। थानाध्यक्ष महेश सिंह ने बताया कि चोरी की बाइक के साथ आरोपी किशन चौधरी उर्फ सौरभ चौधरी निवासी अमरुद मंडी ट्रांसपोर्ट नगर थाना राजघाट गोरखपुर हालमुकाम संजय कॉलोनी थाना पुरानी बस्ती और अंशु गौतम निवासी हर्दिया चौराहा थाना कोतवाली को गिरफ्तार कर लिया गया है। संवाद
दहेज उत्पीड़न में पति समेत पांच पर केस
बस्ती। महिला थाना पुलिस ने दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने के मामले में केस दर्ज किया है। वर्तमान में मुंडेरवा थाना क्षेत्र में रहने वाली विवाहिता की शादी संतकबीरनगर के महुली थानाक्षेत्र के अब्दुल बेलाल के साथ हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद ससुराल में पति व अन्य ससुरालियों ने उन्हें दहेज की मांग को लेकर मारापीटा। अपशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी दी। महिला थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति के अलावा ससुर, सास, देवर व ननद के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद