कलवारी क्षेत्र के पिछौरा में अज्ञात कारणों से लगी थी आग
संवाद न्यूज एजेंसी
गायघाट (बस्ती)। कलवारी थाना क्षेत्र के पिछौरा में अज्ञात कारणों से बाड़े में आग लगने से तीन मवेशी झुलस गए। इनमें से दो की मौत हो गई। बाड़े से सटे छप्पर को भी आग ने चपेट में ले लिया। पशुओं को बचाने की कोशिश में एक महिला भी मामूली रूप से झुलस गई। ग्रामीणों ने मुश्किल से आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि ग्राम पंचायत भेड़वा के राजस्व गांव पिछौरा में राम प्रताप के बाड़़े में अज्ञात कारणों से आग लग गई। पत्नी कमलावती बाड़े में सो रही थीं। धुआं और आग की लपट से कमलावती की नींद खुली और बाहर निकल कर शोर मचाने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और पानी से आग बुझाने की कोशिश करने लगे। आग बुझाते समय कमलावती झुलस गई।
देखते ही देखते आग रामजीत के टिन और घास फूस से बने बाड़े को चपेट में ले लिया। जब तक ग्रामीण आग पर काबू पाते तब तक घारी में बंधी दो भैंस व एक पड़िया गंभीर रूप से झुलस गई। दोनो भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि पड़िया की हालत गंभीर बनी हुई है। बाड़े में रखा बिस्तर, मोबाइल, चारपाई, चारा मशीन, डिलीवरी पाइप सहित तमाम सामान जलकर राख हो गए। राम प्रताप के बगल रामजीत के छप्पर का बाड़े से सटा होने के कारण उसमें भी आग लग गई। उसमें रखा भूसा आदि जलकर राख हो गए। प्रभारी हल्का लेखपाल प्रेमचंद गुप्ता ने बताया कि आग से हुए नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है।