बस्ती। कोतवाली पुलिस ने जिले में सक्रिय हनी ट्रैप रैकेट का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह युवकों को फंसाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाती थी और फिर उसी के दम पर भारी रकम की उगाही करती थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला की पहचान लवी सिंह उर्फ लवली सिंह उर्फ सुषमा सिंह निवासी कटाई थाना खलीलाबाद संतकबीरनगर हाल मुकाम मुंडेरवा के रूप में हुई है। उसके खिलाफ कप्तानगंज क्षेत्र के मरवटिया तिवारी निवासी वीना त्रिपाठी पत्नी आशीष त्रिपाठी ने गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी महिला ने खुद को अविवाहित और परेशान बताकर वीना के पति से सहानुभूति हासिल की। धीरे-धीरे उसने संपर्क बढ़ाया और एक दिन नशीला पदार्थ खिलाकर आपत्तिजनक वीडियो बना ली। बाद में उसी वीडियो के सहारे करीब दस लाख रुपये वसूले और 50 लाख की और मांग की। रकम न मिलने पर लवी सिंह ने पीड़िता और उसके परिवार को फर्जी मुकदमे में फंसाने व जान से मारने की धमकी दी।
धमकियों से तनाव में आई पीड़िता को माइनर हार्ट अटैक आ गया, जिसके बाद मामला पुलिस अधीक्षक तक पहुंचा। जांच में खुलासा हुआ कि लवी सिंह एक संगठित हनी ट्रैप गिरोह चलाती थी, जिसमें उसके परिवार के लोग भी शामिल थे। पुलिस ने टीम गठित कर छापेमारी करते हुए उसे मुंडेरवा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल, बैंक लेनदेन के कागजात और कुछ वीडियो क्लिप बरामद की है। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है, और पूरे रैकेट की गतिविधियों की जांच साइबर सेल को सौंपी गई है।