‘देश के सवाल पर हम मोदी के साथ’
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती। लोकसभा चुनाव-2019 महासंग्राम के तहत आधी आबादी से अमर उजाला की डिजिटल टीम शुक्रवार को रू-ब-रू हुईं। शहर के जीवीएम कान्वेंट स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में आधी आबादी ने खुलकर अपनी बातें रखीं। स्थानीय समस्याओं को उठाया परंतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश का सिरमौर भी बताया। कहा कि इस चुनाव में राजनीतिक दलों के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही मुख्य मुद्दा हैं। इनके अलावा अन्य समस्याएं गौड़ हैं।
आधी आबादी का कहना था कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने तमाम कार्य किए हैं। सबसे बड़ी बात आज हर परिवार की कम से कम एक महिला खुद आगे बढ़कर घर से बाहर निकलकर काम कर रही है। देश के सवाल पर आधी आबादी मोदी के साथ है। महिलाओं ने कहा कि शिक्षा में महिला सम्मान का विषय भी जोड़ा जाना चाहिए। इसी क्रम में सुबह आठ बजे चाय की चुस्कियों के बीच टीम ने रोडवेज स्थित दुकान पर आम लोगों से बात की। यहां अधिकांश लोग स्थानीय समस्याओं पर मुखर हुए। बोले, शहर की स्थिति कई सालों से जैसी थी, अब भी वैसी ही है।