अरुणाचल प्रदेश निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब की सवा 11 हजार शीशी बरामद
- पुरानी बस्ती थाने के चैनपुरवा अंडरपास के पास डीसीएम में रखी थीं शीशियां
- चोकर की बोरियों के नीचे छिपाकर रखे गए थे शराब से भरे गत्ते
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। फोरलेन के निकट स्थित पुरानी बस्ती थाने के चैनपुरवा अंडरपास के नीचे खड़ी डीसीएम में लदी अरुणाचल प्रदेश की 11 हजार 256 शीशी और अवैध अंग्रेजी शराब बरामद किया गया है। गत्ते में भरकर यह शीशियां चोकर के बोरों के नीचे छिपाकर रखी गई थी। जिसकी कीमत करीब 60 लाख 34 हजार रुपये आंकी गई है। डीसीएम का चालक व खलासी पहले ही फरार हो चुके थे।
पुरानी बस्ती एसओ आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार दोपहर गश्त के दौरान मुखबिर के जरिए अवैध रूप से ले जाई जा रही डीसीएम खड़ा होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर चौकी प्रभारी हड़िया राधारमण यादव, चौकी प्रभारी दक्षिण दरवाजा जितेन्द्र सिंह मय हमराह पुलिस कर्मियों को साथ लेकर चैनपुरवा अंडरपास के नीचे खड़े डीसीएम की जांच की गई। डीसीएम में कोई चालक अथवा व्यक्ति नहीं मिला। इस दौरान ब्लू स्ट्रोक ब्रांड की अरुणाचल प्रदेश की शराब बरामद हुई। जिसकी गिनती करने पर 11 हजार 256 शीशी पाई गई। तमाम शीशी टूटी-फूटी पाई गई। जिसे चोकर की बोरियों से छिपाकर रखा गया था। बरामद करने वाली टीम में थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव, राधारमन यादव चौकी प्रभारी हड़िया, जितेंद्र सिंह चौकी प्रभारी दक्षिण दरवाजा के अलावा हेड कांस्टेबल संतोष सिंह, संजीत श्रीवास्तव, राम भगत यादव व पवन कुमार यादव शामिल थे।