कोरोना के सामुदायिक संक्रमण रोकने को गांवों में उतरेगी स्वास्थ्य टीम
बस्ती। जिले में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में सामुदायिक संक्रमण रोकने की नई कवायद शुरू की गई है। अब सीएचसी व पीएचसी के माध्यम से गांवों में नमूने लेने वाली टीम भेजी जा रहा है। बुजुर्ग, गंभीर बीमारी से पीड़ित, महिलाएं, बच्चे, प्रवासी श्रमिक आदि के नमूने लिए जाएंगे। ऐसे लोगों की टीम नमूने लेगी जिनकी ट्रैवल हिस्ट्री हो।
जिले के उन गांवों में सामुदायिक संक्रमण रोकने की पहल तेज हो गई है, जिन गांवों में अब तक कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। इन गांवों को कंटेनमेंट एरिया के रूप में घोषित करते हुए यहां के ग्रामीणों के नमूने एकत्रित कर जांच के लिए भेजे जाएंगे। बनकटी ब्लॉक के नगहरा, मुंडेरवा, भानपुर के करनपुर व छनवतिया, मरवटिया के बड़ेवन, पठान टोला, भद्रेश्वर नाथ के अलावा यहीं का एक और गांव, बहादुरपुर के कठिनइया फूलपुर, कलवारी, प्रतापपुर व कप्तानगंज में पहले चरण नमूने लिए जाएंगे। इन स्थानों पर एएनएम, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों, दस वर्ष से कम उम्र के बच्चों के अलावा दमा, किडनी रोग, शुगर, उच्च रक्तचाप, एचआईवी पीड़ित व गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे। नोडल अधिकारी डॉ. फख्रेयार हुसैन ने बताया कि प्रशासन की पहल पर सामुदायिक संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इसका क्रियान्वयन किया गया है। नौ टीमों को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। संबंधित क्षेत्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी को यह टीम रिपोर्ट देगी, जिसे वे मुख्यालय पर भेजेंगे।