बस्ती। किसानो से गेंहूं खरीदने के लिए बनाए गए केंद्रों पर बोरे न होने के चलते गेहूं की खरीद रफ्तार नहीं पकड़ पा रही है। सचिव नेटवर्क व बोरा की समस्या बता खरीदारी नहीं कर रहे है। जिससे किसान परेशान है। जिले में गेहूं खरीद के लिए कुल 197 केंद्र बनाए गए है। जहां पर एक अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू हो चुकी है। ऐसे में इस समय कटाई का दौर चल रहा है। कई केंद्रों पर बोरा न होने के चलते सचिव खरीद नहीं कर पा रहे है। जिसके पास पुराने बोरे है वह लोग खरीदारी भी नाम मात्र की कर रहे है। संवाद न्यूज एजेंसी ने ऐसे ही कुछ केंद्रों की पड़ताल की तो सच्चाई सामने आई।
बहादुरपुर ब्लाॅक के पीडीएस क्रय केंद्र पर अब तक 600 क्विंटल हुई खरीद
बहादुरपुर। ब्लाॅक क्षेत्र में किसानो से गेंहूं खरीदने के लिए सात केंद्र बनाए गए है जिसमें पीडीएस की ओर से वैष्णोपुर में स्थापित दो क्रय केंद्र पर ही अभी तक तौल शुरू हो पाया है। वी पैक्स की समितियों पर बोरा न होने के कारण तौल शुरू नहीं हो सका है। सोमवार को वी पैक्स लिमिटेड कलवारी में ताला लटकता मिला जबकि पीडीएस के क्रय केंद्र वैष्णोपुर में मुस्तफाबाद के किसान सुमंत चौधरी के गेंहूं का तौल हो रहा था। अब तक लगभग 600 क्विंटल गेंहूं का तौल हुआ है। सोमवार को दो किसानो के गेहूं का तौल हुआ। 58 किसानों ने अपने गेंहूं तौल के लिए नंबर लगाया था। बहादुरपुर के एसएमआई संजय शुक्ला ने बताया कि किसान फार्मर रजिष्ट्री अवश्य करा लें। जिससे गेहूं तौल में समस्या न हो, बिना उसके तौल संभव नहीं है। वही एडीओ कोआपरेटिव मिट्ठू वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में गेंहू खरीद के लिए सात केंद्र स्थापित हुए है। पीडीएस के दो, वी पैक्स के तीन तथा दो निजी समितियां है। बोरे की उपलब्धता न होने के कारण पीडीएस को छोड़कर कहीं तौल शुरू नहीं हो पाया। एक-दो दिन में बोरे आने की संभावना है, उसके बाद सभी जगह तौल शुरू हो जाएगा।
नाम मात्र की खरीदारी कर सचिव बोरा व नेटवर्क की बता रहे समस्या
बनकटी। गेहूं खरीद को लेकर सरकारी दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। कागजों में एक अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू होने की बात कही गई है लेकिन सचिवों से बात करने पर केंद्रों पर बोरा व नेटवर्क की समस्या से खरीदारी में रुकावटें आ रही है। नाम मात्र की खरीदारी कर कोरम पुरा किया जा रहा है। खाद्य-रसद विभाग के केंद्र भैंसा पांडेय ए और बी में 200 क्विंटल, पीसीयू के महथा सजहरा में खरीदारी शुरू की गई है। किसान दीपू शुक्ला ने बताया कि सुबह आया था। नेटवर्क की समस्या से दोपहर हो गया। तौल नहीं हुई। चिंताखोर गंगौरी में 750 क्विंटल, गुलौरा में 250 क्विंटल सहित पीसीएफ के पकड़ीं चंदा, हुशेमऊ आदि केंद्रों पर नाम मात्र की खरीदारी कर सचिव नेटवर्क व बोरा की समस्या बता खरीदारी में रुकावटें उत्पन्न कर रहे है।