बस्ती। पूर्वांचल में खरीदफरोख्त कर पशुओं की तस्करी नहीं हो रही है, बल्कि पश्चिम के तस्करों ने ऐसा नेटवर्क खड़ा कर लिया है कि उन्हें चोरी के पशु एकत्र करने से लेकर पार लगाने तक में कठिनाई नहीं हो रही है। क्षेत्रवार सक्रिय लोकल एजेंट इन तस्करों की पूरी मदद कर रहे हैं। पूस, माघ की सर्द भरी रात में घने कोहरे के बीच किसानों के यहां से पहले पशु चुरा रहे हैं। इसके एवज में तस्करों से उन्हें अच्छा खासा रकम भी मिल रहा है।
बस्ती जनपद सीमा 70 किमी के दायरे में हैं। इस जिले की सीमा से गोंडा, आंबेडकर, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर समेत चार जनपद जुड़े हैं। इन जनपदाें का सुदूर ग्रामीण अंचल की सड़क से कई जगह जुड़ाव है। संपर्क मार्गों की जानकारी पश्चिम के तस्करों को नहीं रहती है। इसीलिए क्षेत्रवार इनके लोकल एजेंट सक्रिय हैं। पूरे नेटवर्क में दो तीन श्रेणी के एजेंट शामिल हैं। क्षेत्रवार लोकल व्यक्ति ही मुख्य कैरियर की भूमिका में रहता है।
यह पशुओं को पिकअप वाहन में लादकर संपर्क मार्गों के जरिये जनपद सीमा पार कराते हैं। वहीं इनके नीचे के एजेंट दिन भर रेकी करके रात में पशुओं की चोरी करते हैं। उसे कैरियर के अड्डे तक पहुंचाते हैं। जब तक 8 से 10 पशु एकत्र हो जाते हैं तो मुख्य कैरियर तस्करी गिरोह के सरगना से सेटिंग करके उसे जिले के पार भेज दे रहे हैं।
सूत्र बताते हैं कि रामपुर, मुरादाबाद के तस्करों का संजाल बस्ती समेत आसपास के जनपदों तक फैला हुआ है। उधर बिहार, नेपाल के भी तस्कर अपना बड़ा नेटवर्क तैयार किए हैं। जिन एजेंटों की जिस गिरोह से सेटिंग हैं वह उनके लिए कार्य कर रहे हैं।
पशु तस्करी के लिए संवेदनशील हैं यह संपर्क मार्ग
रुधौली और वाल्टरगंज थाना क्षेत्र भी पशु तस्करी का हब है। यहां की ग्रामीण सड़कें रुधौली से बखिरा मार्ग, पड़िया से वाया हनुमानगंज केशवापुर मार्ग संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर जनपद को ग्रामीण क्षेत्रों से होकर जोड़ती है। इस रास्ते लोकल कैरियर चोरी के पशुओं को पार लगाते हैं। इधर हर्रैया, सोनहा, परशुरामपुर, गौर थाना क्षेत्र के कुछ मार्ग संवेदनशील है। गनेशपुर, पचपेड़वा होकर परसा- परशुराम मार्ग से गोंडा निकलने वाला मार्ग, सोनहा से बेलवरिया जंगल होकर गोंडा निकलने वाला मार्ग, लालगंज और कलवारी थाना क्षेत्र के बनकटी से बानपुर होकर संतकबीर नगर पौली को जोड़ने वाला मार्ग, कुआनो नदी के किनारे बंधे पर बना मार्ग और रामजानकी मार्ग से होकर टांडा निकलने वाले संपर्क मार्ग पशु तस्करी के लिए मुफीद माने जा रहे हैं।
पशु तस्करों को पकड़ने के लिए पुलिस तैयार कर रही डायग्राम
पशु तस्करों को पकड़ने के लिए जनपद पुलिस डायग्राम तैयार करने में जुट गई है। पशु तस्करी में उपयोग किए जा रहे ग्रामीण अंचल के संपर्क मार्गों के कुछ जगहों को हॉट स्पाट के रूप में चिह्नित किया जा रहा है। पुलिस का भी मानना है कि सुदूरवर्ती ग्रामीण मार्गों पर कैमरे की व्यवस्था न होने से लोकल कैरियर चोरी के पशुओं को पार लगाने में सफल हो रहे हैं। इसलिए पुलिस इन संदिग्ध स्थानों पर गश्त व्यवस्था बढ़ाने की तैयारी में है।
-
अभी पकड़ में नहीं आए पिकअप छोड़कर भागे पशु तस्कर
कप्तानगंज। हर्रैया थाना क्षेत्र के बंजरिया गांव के निकट पशुओं को लादकर भाग रही पिकअप तीन दिन पहले कोहरे के चलते अचानक पलट गई। पशु तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पिकअप वाहन को बरामद कर थाने ले आई है। लेकिन, तीन दिन बीतने के बाद पशु तस्कर पुलिस की पकड़ में नहीं आए। पुलिस गाड़ी मालिक का पता लगाने के बाद पशु तस्करों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हुई है। इसके लिए दो थानों की टीम के अलावा स्वाट टीम को भी लगाया गया है। अभी सफलता हाथ नहीं लगी है।
-
पशु बाजारों में भी तस्करों का संजाल
सूत्र बताते हैं संतकबीरनगर जिले के नरायनपुर, अयोध्या के जुबेरगंज, गोरखपुर जिले में लगने वाले पशु बाजारों में भी तस्करों का संजाल बिछा है। यहां चोरी किए गए कीमती दुधारू पशु लाकर बाजार मालिकों की मिलीभगत से अच्छे दामों में बेच दिए जाते हैं। दो साल पहले कप्तानगंज पशु बाजार में आंबेडकर जिले से चुराई गई भैंस पकड़ी गई थी। बस्ती जिले में आंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, आजमगढ़, अयोध्या, संतकबीरनगर, गोंडा, कुशीनगर, गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया, आगरा तक के पशु तस्करों का नेटवर्क फैला हुआ है। पशु व्यापारी का भेष बनाकर यह गांव- गांव पहुंचते हैं। सूत्रों के अनुसार रात में कीमती पशुओं को चुराने में नशीला इंजेक्शन का भी उपयोग किया जाता है। इसके प्रभाव में आने के बाद पालतू पशुओं में तीन घंटे तक सक्रियता नहीं रहती है।
कोट
पशु तस्करों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें लगी हुई है। पशुओं को लादकर भाग रही गाड़ी पकड़ में आ गई है। पुलिस को अहम सुराग भी मिले हैं। बहुत जल्द पशु तस्कर गिरफ्त में आएंगे।
-स्वर्णिमा सिंह, सीओ हर्रैया।