संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सोमवार की सुबह कुछ देर के लिए अचानक मौसम बदल गया। सात बजे के आसपास घने बादल छा गए और गर्जना ऐसी होने लगी मानो टूटकर पानी बरसेगा। यह देख किसान परेशान हो गए।
हालांकि, कुछ स्थानों पर मटर के दाने जितने बड़े-बड़े ओले पड़े। जबकि ज्यादातर जगह तेज बूंदाबांदी हुई। नौ बजे के बाद बादल छट गए और धूप निकल आई। अधिकतर तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम के इस तेवर से सरसों की तैयार फसल, सब्जियों और गेहूं की फसल को मामूली नुकसान होने की आशंका है। मुंडेरवा संवाद के अनुसार, ओलावृष्टि और बूूंदाबांदी से किसानों की फसल को नुकसान पहुंचा। किसान सुधीर दूबे, श्रीप्रकाश, संजय चौधरी ने बताया कि खेत में सरसों की फसल तथा काट कर घर लाए सरसों की फसल को नुकसान पहुंची है। कलवारी संवाद के अनुसार, अचानक मौसम खराब होने से गरज- चमक के साथ ओले गिरने से किसानों का सरसों, गेहूं तथा सब्जी के फसलों को नुकसान हुआ। किसान रमेश चौधरी, गोपाल, प्रमोद, पवन, झिनकान, रामू, दयाराम, प्रताप आदि ने बताया कि ओला पड़ने से सब्जी की फसलों को अधिक नुकसान हुआ।
गेहूं पर इसका कम प्रभाव दिखेगा, क्योंकि गेहूं का जो बाली पीली हो गई है उस पर ओले का अधिक प्रभाव होगा और जो हरी है, उस पर नहीं। सरसों में जो दाने पड़े थे, ओला गिरने से उसके दाने जमीन पर गिर जा रहे हैं। सब्जी में मिर्चा, टमाटर, बैंगन, नेनुआ, तरोई, लौकी आदि सब्जियों की फसल को नुकसान हुआ है।