बस्ती। जिले में रविवार को विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग समय में मध्यम बारिश होने से सोमवार को उमस से राहत रही। रविवार रात में ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश हुई, जबकि दिन में शहर व आसपास के इलाकों में बारिश हुई थी। बारिश के पानी को कृषि विशेषज्ञ फसलों के लिए संजीवनी मान रहे हैं।
रविवार सुबह से ही बूंदाबांदी शुरू हो गई थी जो सोमवार दिन में 11 बजे तक जारी रही। रविवार रात करीब आठ बजे से जिले में बारिश का सिलसिला शुरू हुआ। हर्रैया, रूधौली तहसील क्षेत्र में रात में बारिश हुई है, जबकि अन्य इलाकों में हल्की बारिश से ही लोगों को संतोष करना पड़ा। बारिश के कारण रात में ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। जो सोमवार सुबह जाकर बहाल हुई।
मौसम विज्ञानी डॉ. अमर नाथ मिश्र ने बताया कि करीब 25 मिमी बारिश हुई है। बारिश का पानी फसलाें के लिए संजीवनी का काम करेगा। मंगलवार तक बढि़या बारिश के संकेत मिल रहे हैं। आगामी दिनों में मौसम नरम बना रहेगा।
-
पेड़ गिरने से आठ घंटे बाधित रही पैकोलिया फीडर की आपूर्ति
बभनान। 33 केवी विद्युत उपकेंद्र से संचालित पैकोलिया फीडर से बिजली आपूर्ति रात करीब 10 बजे बाधित हो गई। उपभोक्ता रातभर बिजली आपूर्ति के लिए उपकेंद्र व अवर अभियंता को फोन करते रहे। आरोप है कि उपकेंद्र कर्मी और अवर अभियंता जरूरत के समय फोन नहीं उठाते हैं। उपखंड अधिकारी लाल बहादुर यादव बताया कि फीडर पर पैकोलिया गांव के पास तेज हवा के कारण एक पेड़ गिर गया था। सुबह छह बजे आपूर्ति सामान्य हुई।
एक इंसुलेटर बदलने में लग गए 10 घंटे
रुधौली। रविवार रात बारिश के चलते सिद्धार्थनगर जनपद के बांसी क्षेत्र में स्थित बेलगड़ा गांव के पास 33 केवीए लाइन पर बांस गिर गया। जिससे लाइन का इंसुलेटर पंचर हो गया। उपभोक्ताओं को रात बिना बिजली के ही बितानी पड़ी। महज एक इंसुलेटर ठीक करने में बिजली कर्मियों को 10 घंटे का समय लग गया। अवर अभियंता प्रमोद कुमार ने बताया कि रात 10 बजे लाइन ब्रेकडाउन हो गई थी। सुबह आठ बजे आपूर्ति सामान्य हो पाई।
12 घंटे बाद सामान्य हुई बिजली आपूर्ति
विक्रमजोत। क्षेत्र के फूलडीह स्थित विद्युत उपकेंद्र से रात करीब 10 बजे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। उपभोक्ता रातभर बिजली के लिए परेशान रहे। सोमवार की सुबह करीब 10 बजे जाकर आपूर्ति सामान्य हुई। अवर अभियंता ने बताया कि बारिश के कारण तमाम जगह लाइनें फाल्ट में आ गई हैं। जिसे ठीक करने में समय लग रहा है।