जिला न्यायालय गेट पर अधिवक्ताओ ने किया प्रदर्शन।
बस्ती। सिविल बार एसोसिएशन सभागार में सोमवार को अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में बैठक हुई, जिसमें देवरिया व सुल्तानपुर जिले में हुई अधिवक्ता की हत्या और जिले के भानपुर तहसील में अधिवक्ता व तहसीलदार विवाद पर चर्चा की गई। इसके बाद दीवानी न्यायालय के गेट नंबर दो पर अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
सिविल बार एसोसिएशन सभागार में संयुक्त बार की बैठक में हुई, जिसमें अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह ने कहा कि अधिवक्ताओं के विरुद्ध लगातार अपराध हो रहे हैं, जिसकी रोकथाम के लिए सरकार कोई कदम नहीं उठा रही है। अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग सरकार से लंबे समय से की जा रही है। इसके बावजूद सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। भानपुर तहसील में अधिवक्ता कई दिनों से धरनारत हैं, लेकिन अफसर कोई संज्ञान नहीं ले रहे हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से इसकी निंदा की गई। बैठक और विरोध प्रदर्शन के बाद अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत रहे। मौके पर महामंत्री शिव पूजन मिश्र, विनोद भट्ट, रजनीश दुबे, निशांत पाठक, सुधांशु रंजन पांडेय, अनिल यादव, रमापति पांडेय, जेपी चौबे, अमित मणि त्रिपाठी, विजय शर्मा, अरविंद नरायण पांडेय, विजय तिवारी, संजीव भट्टाचार्य, सुभाष दुबे आदि मौजूद रहे।