दिनभर छाए रहे बादल, तेज हवा ने बढ़ाई ठंड
- 22 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सुबह चली हवा
- दोपहर बाद शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में हुई बूंदाबांदी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बृहस्पतिवार को मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह के समय 22 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा ने जहां ठंड बढ़ा दी, वहीं दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की वजह से धूप भी नहीं निकली। इसके चलते लोग ठंड से परेशान नजर आए।
बृहस्पतिवार को दिनभर घने बादल छाए रहे। बीच-बीच में सूरज दिखा, लेकिन ठंडी हवा के चलते गलन बरकरार रही। सुबह तेज रफ्तार से चली हवा ने लोगों को ठिठुराया। बुजुर्गों व बच्चों को तो तेज हवा ने पूरे दिन घरों में ही दुबके रहने पर मजबूर कर दिया। वहीं, ठंड से बचने के लिए लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या के मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र के शुक्रवार को भी बारिश का अनुमान है। इसके बाद आगामी दिनों में मौसम साफ व खुश्क रह सकता है। लेकिन लोगों को सुबह-शाम घने कोहरे का सामना करना पड़ सकता है।
----------------
गेहूं को होगा लाभ, आलू, सरसों और मटर को नुकसान
बारिश का अनुमान सही साबित हुआ तो गेहूं की फसल को लाभ होगा। जबकि सरसों, आलू, मटर समेत अन्य सब्जियों की फसल के लिए बारिश नुकसानदायक साबित हो सकती है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।