सल्टौआ। खेतों तक आसानी से पानी पहुंचाने के लिए सरयू नहर खंड चार की बस्ती शाखा से रजवाहा व माइनर निकाली गई हैं। विभागीय अनदेखी के चलते नहर की शाखाओं में पानी न जाने से किसानों में आक्रोश है।
किसान शिव प्रसाद, विश्राम कनौजिया, कृष्णा गोपाल, शंभु प्रसाद, संजीव, राजेश, राकेश, कोदई, त्रिवेनी, सीताराम, सत्तन राजेन्द्र प्रसाद, राकेश कुमार, राजेश कुमार, कृष्ण कुमार, संतोष, मनीष, शिव प्रसाद, सुनील कुमार, जगदंबा प्रसाद, भगवती प्रसाद ने बताया कि लगभग 20 वर्ष पूर्व नहर बनाई गई थी। सिल्ट सफाई की खानापूरी के चलते सल्टौआ, बस्थानवा, सूरतगढ़, हसनापुर, कनेथू, सूजिया माइनर झड़ियों से पट गई है। इससे सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। मुख्य नहर में पानी रहने से किसान लाभान्वित हो रहे हैं लेकिन माइनर में भरपूर पानी न रहने से किसान मायूस हैं।
सिंचाई विभाग के अवर अभियंता संतोष श्रीवास्तव का कहना है माइनरों में मुख्य नहर से पानी छोड़ा जा रहा है। पानी की आवश्यकता बढ़ने पर किसान जगह-जगह नहर के बीच बांध बना देते हैं। इससे अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच पाता है। किसान नहर को क्षतिग्रस्त न करें, जिससे उनके खेत तक पानी पहुंचाया जा सके।