बस्ती। विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों के निर्देशों का पालन न किए जाने तथा छह सूत्री मांगों को लेकर विद्युत संविदा मजदूर मंगलवार को भी अनशन पर रहे। अधीक्षण अभियंता की ओर से निविदा में हुए खेल के जांच की मांग कर रहे हैं। अनशन पर मोहम्मद अली व संदीप चौधरी रहे, जबकि इनका साथ अन्य संविदा कर्मियों ने दिया।
पावर कारपोरेशन के निदेशक के आदेशों के उल्लंघन करने, ठेका में निर्देश के बावजूद विद्युत मजदूर कल्याण समिति को वरीयता न देने, सबसे कम रेट देने के बाद भी सर्वाधिक कीमत वाले ठेकेदार को काम देने सहित अन्य मुद्दों को लेकर संविदा मजदूर आंदोलन पर रहे।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं हो जाती हैं तब तक क्रमिक भूखहड़ताल भी जारी रहेगी। इस दौरान अभय कुमार श्रीवास्तव, जगदंबा उपाध्याय, संजय कुमार, राम जनम चौधरी, रमेश चंद्र यादव, सूर्य प्रकाश, राजेंद्र चौधरी, दिनेश दूबे, विनय कुमार तिवारी, मल्लू, हरिश्चंद्र, प्रिंस पांडेय, वीरेंद्र नाथ पांडेय, राम ललित आदि मौजूद रहे।
बोर्ड परीक्षाओं के बहिष्कार की घोषणा
बस्ती। माध्यमिक वित्त विहीन शिक्षक महासभा ने बकाया पारिश्रमिक की मांग करते हुए छह फरवरी से होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के बहिष्कार की घोषणा की है। जबकि समान वेतन व सम्मानजनक मानदेय, सेवा नियमावली आदि की मांगों को लेकर चार दिसंबर को लखनऊ में जुटने का आह्वान किया है। मंगलवार को जारी बयान में महासभा के प्रदेशीय मंत्री रमेश कर पाठक ने जिम्मेदारों पर बोर्ड परीक्षा नीति के उल्लंघन करने, शिक्षण कक्ष, धारण क्षमता, सीसीटीवी कैमरा, विद्युत, पेयजल आदि की अनदेखी का आरोप लगाया है।