संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। होली करीब आते ही धंधेबाज सक्रिय हो गए हैं। फुटकर से लेकर थोक मंडी तक इनका संजाल बिछ चुका है। खाने-पीने की सामग्रियों से लेकर रंग गुलाल तक में मिलावट से मुनाफा कमाने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है।
लखनऊ, दिल्ली, कानपुर की थोक मंडियों से मिलावटी खाद्य सामग्रियों की खेप आनी शुरू हो गई है। धंधेबाज रातोंरात गोदाम भरने में जुट गए हैं। मेवा, मैदा, दाल, बेसन, आटा, नमकीन, चिप्स, पापड़ हर तरह की सामग्री डंप की जा रही है। अगले दो से तीन दिनों में फुटकर बाजार में इसकी आपूर्ति होनी शुरू हो जाएगी।
थोक मंडी में ज्यादातर गोदामों को कटिंग के माल से भरा जा रहा है। इसमें बड़े पैमाने पर मंडी शुल्क और जीएसटी की चोरी भी हो रही है। जानकार बताते हैं धंधेबाज कानपुर, दिल्ली, लखनऊ, मथुरा आदि बड़े शहरों से बेसन, मैदा, मेवा, नमकीन, चिप्स, पापड़, दाल, तेल, घी आदि सामग्रियों का कटिंग में आर्डर लगा रहे हैं।
इसका कोई खास ब्रांड नहीं होता है। इन सामग्रियों की 200 ग्राम से लेकर एक किलोग्राम तक की आकर्षक पैकिंग है।
पांडेय बाजार के एक थोक व्यापारी ने बताया कि ब्रांडेड कंपनियों के सरसों तेल, दाल, आटा के डीलरशिप से ज्यादा व्यवसाय कटिंग वाले कर रहे हैं।
वह छोटे दुकानदारों को सस्ते दर पर यह सामग्री उपलब्ध कराकर अधिक मुनाफा कमाने की लालच दे रहे हैं। इस चक्कर में उनका माल ज्यादा खपत हो रहा है। होली के मद्देनजर करीब एक दर्जन से अधिक धंधेबाजों ने कटिंग के माल से गोदाम भर लिया है। इसमें छोटा कारोबार दिखाकर मंडी शुल्क और जीएसटी भी नहीं दिया जा रहा है।म