बस्ती। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बस्ती में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची के आलेख्य प्रकाशन की प्रक्रिया मंगलवार को पूरी कर ली गई। प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार जिले में 19,00,430 मतदाताओं के गणना प्रपत्र वितरित किए गए। इनमें से अब तक 16,02,143 मतदाताओं के प्रपत्रों का डिजिटलाइजेशन पूरा कर लिया गया है।
डिजिटलाइज्ड किए गए मतदाताओं में 6,73,060 मतदाता (35.42 प्रतिशत) सेल्फ कैटेगरी में शामिल हैं। जबकि 8,17,411 मतदाता (43.01 प्रतिशत) प्रोजेनी कैटेगरी में दर्ज किए गए हैं। 14,90,471 मतदाताओं का वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग कर ली गई है। इससे मतदाता सूची की प्रामाणिकता को मजबूती मिली है।
पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान 1,13,363 मतदाता ऐसे पाए गए, जिनका मिलान वर्ष 2003 की मतदाता सूची से नहीं हो सका। प्रशासन के अनुसार, इन सभी मतदाताओं को नोटिस जारी कर निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित अभिलेख प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा। यह प्रक्रिया छह जनवरी से 27 फरवरी तक चलेगी।
-
करीब तीन लाख मतदाता अनकलेक्टेबल कैटेगरी में
विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत 2,98,287 मतदाता (15.70 प्रतिशत) अनकलेक्टेबल कैटेगरी में चिह्नित किए गए हैं। इनमें 57,467 मतदाता (3.02 प्रतिशत) मृत पाए गए। 57,404 मतदाता (2.86 प्रतिशत) अनुपस्थित अथवा अनट्रेसेबल, 1,48,055 मतदाता (7.79 प्रतिशत) स्थायी रूप से स्थानांतरित, 37,277 मतदाता (1.96 प्रतिशत) पहले से अन्य स्थानों पर पंजीकृत तथा 1,084 मतदाता (0.06 प्रतिशत) अन्य श्रेणी में शामिल हैं।
-
राजनीतिक दलों के साथ की समीक्षा बैठक
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम कृतिका ज्योत्सना की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की गई। इसमें अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान और उपजिलाधिकारी शत्रुघ्न पाठक आदि रहे। अधिकारियों ने पुनरीक्षण अभियान की प्रगति, दावा-आपत्ति की प्रक्रिया, नोटिस फेज तथा अंतिम प्रकाशन के कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी राजनीतिक दलों को दी।