बभनान। धान के खेत में सिंचाई के लिए लगा बिजली का मोटर चुराकर जा रहे आरोपी को शुक्रवार की रात ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। उसका साथी चकमा देकर भाग गया। बाइक व मोटर सहित आरोपी पैकोलिया थाना क्षेत्र के पैकोलिया पाली गांव का अभिषेक सिंह को पुलिस को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात गौर थाना क्षेत्र की नगर पंचायत बभनान के आदि शक्ति नगर वार्ड निवासी प्रमोद वर्मा ने बताया है कि सिंचाई के लिए खेत में उसने कनेक्शन लेकर मोटर लगाया है। शुक्रवार की रात खेत से घर लौट रहा था। देखा कि बाइक पर बैठे दो लोग मोटर लिए हैं। शोर मचाते हुए वह दौड़ा तो काफी संख्या में लोग पहुंच गए। अपने को घिरता देख उसमें से एक व्यक्ति भाग निकला। बाइक पर मोटर के साथ पैकोलिया थाना क्षेत्र के पैकोलिया पाली गांव का अभिषेक सिंह मौजूद था। उसे पकड़ कर पुलिस को सुपुर्द किया गया। इसके पूर्व भी एक मोटर चोरी हुआ है। आरोपी अभिषेक सिंह ने बताया कि दूसरा व्यक्ति धर्मेंद्र पांडेय निवासी पूरा पैकोलिया का रहने वाल है। प्रभारी निरीक्षक परमा शंकर यादव ने बताया कि केस दर्ज कर विवेचना चौकी प्रभारी बभनान को सौंप दी गई है।