बनकटी। कटौधा गांव के समीप से बहने वाली सरयू नहर खंड-4 के गुलरिहा माइनर पर लगा साइफन निकलवा लेने से नाराज ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता को शिकायती पत्र देकर दूसरा पाइप लगवाने की मांग की है।
कटौधा गांव निवासी पूर्व सभासद बृजेश कुमार चौधरी, पवन चौधरी व बाबूराम चौधरी सहित राघवेंद्र पाल, चक्रधर पाल, राम प्रसिद्ध उपाध्याय, कौशल चौधरी तथा राम उजागिर चौधरी आदि ने बताया कि जगह-जगह लीकेज के चलते विभागीय लोगों ने साइफन को निकलवाकर दोबारा लगाने का आश्वासन दिया लेकिन, महीनों बाद भी नहीं लगाया गया। बारिश के समय जलनिकासी न होने से नहर का पानी ओवर फ्लो होकर बर्रोहिया, पंखोबारी, भैंसवलिया, सजनाखोर व बनकटी, भरवलिया तथा धुसनाखोर आदि में फसलों को खराब कर देगा। इस क्षेत्र की फसल डूबी तो इसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी। सिंचाई विभाग के एसडीओ अजय कुमार ने बताया कि शिकायत मिली है। धन की डिमांड की गई है। रकम मिलने के बाद बरसात के पहले ह्यूम पाइप डलवा दिया जाएगा। संवाद