बस्ती। ऑनलाइन हाजिरी और गैर विभागीय कार्य के खिलाफ पंचायत सचिवों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को ब्लॉक मुख्यालयों पर सचिवों ने प्रदर्शन कर विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप से खुद को लेफ्ट कर लिया। मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन बीडीओ को सौंपा। चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें मानी नहीं जाएंगी, तब तक शांति पूर्ण सत्याग्रह जारी रहेगा।
भानपुर संवाद के अनुसार, ऑनलाइन हाजिरी व गैर विभागीय कार्य का विरोध तथा वाहन भत्ता बढ़ाने आदि मांगों को लेकर रामनगर ब्लाॅक के सचिवों ने ब्लाॅक कार्यालय के सामने शांति पूर्ण सत्याग्रह किया। अपनी मांगोंं के समर्थन मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन बीडीओ राजेश सिंह को दिया। इस मौके पर आदर्श पाण्डेय, विजय चौधरी, पप्पू यादव, आशुतोष पाल, कौशलेंद्र पाल दिनेश चौधरी,आदि मौजूद रहीं। बनकटी संवाद के अनुसार, स्थानीय विकास खंड में तैनात ग्रामपंचायत एवं ग्राम विकास अधिकारियों ने ऑनलाइन हाज़िरी के विरोध में ब्लॉक मुख्यालय पर धरना देते हुए जिलाधिकारी संबोधित ज्ञापन बीडीओ को सौंपा।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के ब्लॉक अध्यक्ष आशुतोष पटेल ने कहा कि संघ के प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर पंचायत सचिवों द्वारा एक दिसंबर से हाथ में काली पट्टी बांधकर संपूर्ण कार्य करते हुए विरोध किया गया। शुक्रवार को ब्लॉक मुख्यालय पर सांकेतिक धरना देते डीएम को संबोधित ज्ञापन बीडीओ भवानी प्रसाद शुक्ल को सौंपा।इस दौरान सुधीर सिंह,प़मोद मिश्रा, संजय कुमार, राम सहाय आदि मौजूद रहे। सल्टौआ संवाद के अनुसार, शुक्रवार को भी ग्राम पंचायत अधिकारी/ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति के आह्वान पर ऑनलाइन हाजिरी व गैर विभागीय कार्यो को लेकर ब्लॉक मुख्यालय पर पंचायत सचिवों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। सचिवों ने कहा कि जब तक ऑनलाइन हाजिरी का आदेश वापस नही लिया जाता तब तक हम लोग विरोध करेंगे। इसलिए हम लोग एक साथ सभी विभागीय ग्रुपों से लेफ्ट हो रहे हैं। बहादुरपुर संवाद के अनुसार, शुक्रवार को सचिवों ने ब्लॉक कार्यालय पर करीब दो घंटे का सांकेतिक धरना दिया। मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव को संबोधित 10 सूत्री मांगो का ज्ञापन बीडीओ घीसम प्रसाद को सौंपा। धरना देने वालों में रवि प्रकाश पांडेय, राघवेन्द्र प्रताप सिंह, सर्वेश यादव, प्रदीप कुमार गुप्ता, सत्येन्द्र चौधरी, योगेन्द्र नाथ द्विवेदी, राजीव श्रीवास्तव, विवेक कुमार आदि शामिल रहे। कप्तानगंज संवाद के अनुसार, ब्लॉक मुख्यालय पर शुक्रवार को आॅनलाइन उपस्थित एवं सचिवों से गैर विभागीय कार्यों के विरोध में धरना देकर विरोध जताया। ग्राम पंचायत अधिकारी/ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति के आह्वान पर धरने को संबोधित करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद चौधरी ने कहा कि जब तक हम लोगो की मांगें पूरी नहीं होगी तब तक धरना चलता रहेगा।