मानिकचंद। साऊंघाट क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में हर शुक्रवार को दो ग्राम पंचायतों में “गांव की समस्या, गांव में समाधान” कार्यक्रम के तहत चौपाल का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत महसिन और परसालालशाही में चौपाल के दौरान सीडीओ सार्थक अग्रवाल पहुंच गए। मौके पर जाकर योजनाओं का जायजा लिया।
गांव की महिला माया देवी ने सीडीओ से सड़क पर जल निकासी की समस्या की शिकायत की। उन्होंने बताया कि उचित निकासी न होने से अक्सर सड़क पर जलभराव रहता है। सीडीओ ने तत्काल स्थल निरीक्षण कर बीडीओ मनोज कुमार श्रीवास्तव को एक सप्ताह में समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। सीडीओ ने आरआरसी सेंटर का निरीक्षण किया। रंगाई-पुताई का कार्य अधूरा मिला। ग्राम प्रधान सुभाषचंद्र चौधरी ने बताया कि धनाभाव के कारण काम पूरा नहीं हो सका है। वहीं, अन्नपूर्णा भवन का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जिसे हैंडओवर करने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ प्राथमिक विद्यालय भी पहुंचे और बच्चों से किताबों के वितरण के संबंध में जानकारी ली। बच्चों ने बताया कि सभी को किताबें मिल चुकी हैं। इस मौके पर एडीओ पंचायत सुभाषचंद्र, ग्राम सचिव लालजी कन्नौजिया, ग्राम प्रधान सुभाषचंद्र, कोटेदार लालचंद सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।