सड़क हादसे में ग्राम विकास अधिकारी की मौत
बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के हरदिया चौराहे के समीप कार की चपेट में आने से सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज ब्लॉक में तैनात ग्राम विकास अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें जिला अस्पताल ले जा रही थी कि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
ग्राम विकास अधिकारी रामसेवक यादव (29) जौनपुर के रहने वाले थे। वह शनिवार को डुमरियागंज से बाइक से जौनपुर जाने के लिए निकले थे। दिन में लगभग 11.30 बजे गांव जा रहे थे। अभी वह हरदिया चौराहे के निकट पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही एक अनियंत्रित कार की चपेट में उनकी बाइक आ गई।
इस हादसे में युवक की जान चली गई। इंस्पेक्टर कोतवाली मनोज तिवारी ने बताया कि मृत युवक के परिजन आ गए हैं। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ग्राम विकास अधिकारी को चपेट में लेने के बाद चालक मौके से फरार हो गया है। कार को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। अब उसके मालिक का पता लगाया जा रहा है।
लोगों के अनुसार, ग्राम विकास अधिकारी अपने शादी के लिए छुट्टी लेकर घर जा रहे थे कि यह हादसा हो गया। शव लेने के लिए बस्ती पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बाइक चलाते समय ग्राम विकास अधिकारी रामसेवक यादव ने हेलमेट नहीं लगाया था।