बस्ती। सीएम डैश बोर्ड के तर्ज पर जिले के सभी विकास खंडों की रैंकिंग तैयार की जाने लगी है। विकास खंडों को उनके काम का आईना दिखाने के लिए इसे विकास दर्पण डैशबोर्ड नाम दिया गया है। इसकी पहल जिले के मुख्य विकास अधिकारी ने की है। इस डैशबोर्ड में विकास संबंधी उन सभी 20 बिंदुओं को शामिल किया गया है, जिसके आधार पर विकास खंडों की रैकिंग तय की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल कहते हैं कि सीएम डैशबोर्ड से जिलाें के बीच एक साकारात्मक प्रतियोगिता की भावना पनपती है, इसीलिए उन्हाेंने जिले स्तर पर विकास दर्पण डैशबोर्ड बनाने के बारे में सोचा है इस पर काम शुरू भी कर दिया है। यह विकास दर्पण डैशबोर्ड पिछले दो महीने से काम कर रहा है।
सभी विकास खंडाें के बीच एक प्रतियोगी भावना बने और हर विकास खंड अधिकारी अपने-अपने विकास खंड को जिले में नंबर एक बनाने के प्रयास में जुट जाए।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश स्तर पर सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से जिलों की रैंकिंग तय की जाती है। शासन की ओर से निर्धारित 21 बिंदु इसमें शामिल होते हैं। इसमें विकास के साथ-राजस्व के बिंदु होते हैं। सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा हर माह शासन स्तर से की जाती है। उससे पहले जिलाधिकारी भी अपने जिले के सीएम डैशबोर्ड में शामिल बिंदुओं के आधार पर जिले स्तर पर समीक्षा करते हैं और जिन बिंदुओं पर प्रगति संतोषजनक नहीं होती है उसमें सुधार के निर्देश भी देते हैं।