बस्ती। विकास भवन में आगंतुकों के साथ ही वाहन चालकों के लिए भू-तल पर बेंच लगाए जाएंगे। अभी तक यहां बेंच की सुविधा न होने के कारण लोगों को खड़े होकर समय बिताना पड़ता है। इसको देखते हुए सीडीओ ने पहल की और बेंच के लिए जगह आरक्षित कराते हुए सुविधा देने के लिए संबंधित को दिशा-निर्देश दिए हैं।
भू-तल के अलावा तीन मंजिला भवन में विकास कार्य संबंधी कार्यालय संचालित हो रहे हैं। रोजाना यहां सैकड़ों की संख्या में फरियादी और अधिकारी-कर्मचारी आते हैं। अधिकारियों के वाहन चालक कई घंटे तक इधर-उधर खड़े रह जाते हैं। इसी प्रकार फरियादी भी, दिव्यांग और अन्य लोग भी बेंच न मिलने से परेशान रहते थे। इसको लेकर कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों राम अधार पाल, मुकेश सोनकर, अजीत, दीप मणि शुक्ल आदि ने बेंच समेत अन्य सुविधा देने की मांग की थी।
सीडीओ ने कर्मचारी संगठनों की मांग को देखते हुए भू-तल पर इंट्री गेट पर साफ-सफाई कराते हुए वहां पर फालतू चीजों को हटवाकर वहां जगह बनाते हुए उसे आरक्षित करवा दिया है। अब वहां पर्याप्त बेंच लगाए जाएंगे। इसके अलावा सीडीओ ने कहा है कि कार्यालयों में बंदर, कबूतर आदि घुस आते हैं, उन्हें रोकने के लिए जाली भी लगवाई जाएगी। साथ ही सभी तल पर एक-एक आरओ प्लांट मशीन लगेगी। इसके लिए सीडीओ ने संबंधित को दिशा-निर्देश जारी किया है।