संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले में रविवार को भी कोरोनारोधी टीका लगाया गया। 212 बूथों पर अभियान चलाया गया तथा 4326 को वैक्सीन की डोज दी गई। पहली डोज लगवा चुके लोगों को दूसरी डोज लगवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, सभी सीएचसी-पीएचसी, सब सेंटरों और गांवों में अभियान चलाकर टीकाकरण कार्य हुआ। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. फखरेयार हुसैन ने बताया कि गांव व शहर में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से टीकाकरण में सहयोग लिया जा रहा है। शहर में नोडल अधिकारी नगरीय क्षेत्र डॉ. एके कुशवाहा व अर्बन हेल्थ कोआर्डिनेटर सचिन चौरसिया के नेतृत्व में कई स्थानों पर कैंप लगाकर वैक्सीनेशन किया गया। महिला अस्पताल में 105 लोगों को कोविशील्ड और 34 लोगों को को-वैक्सीन लगी। जिला अस्पताल में 20 को कोविशील्ड और 20 को को-वैक्सीन की डोज दी गई। शहर में चार नेशनल मोबाइल मेडिकल यूनिट (एनएमएमयू) के जरिये टीकाकरण हुआ। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि अब तक जिले में अब तक 23 लाख 26 हजार 918 लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। इनमें से करीब साढ़े आठ लाख लोगों को दूसरी डोज दी गई है।