बस्ती। सेल्स प्रमोशन इम्प्लाइज एक्ट 1976 को सुरक्षित करने सहित 8 सूत्री मांगों के साथ 20 दिसंबर को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को लेकर उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव एसोसियेशन की स्थानीय इकाई का एक प्रतिनिधि मंडल कलक्ट्रेट पहुंचा। एसडीएम सदर गुलाब चंद को प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में सेल्स प्रमोशन इम्प्लाइज एक्ट 1976 सुरक्षित किए जाने, विक्रय संवर्धन प्रतिनिधि के कार्यशैली का निर्धारण करने, किसी भी सरकारी या गैर सरकारी हास्पिटलों में कार्य करने का अधिकार दिए जाने व किसी भी प्रकार के प्रवेश पर रोक को हटाए जाने, दवा उपकरणों एवं दवाओं को सस्ता एवं जीएसटी से मुक्त किए जाने, इलेक्ट्राॅनिकी करण के दौर में निजता का हनन न किए जाने, नियोक्ता की ओर से क्रय-विक्रय संबंधित शोषण, स्थानांतरण, निष्कासन तत्काल प्रभाव से रोके जाने, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के माध्यम से निगरानी न करने व कार्य स्थल पर बिना रुकावट के प्रवेश को सुनिश्चित किए जाने की मांग की। अध्यक्षता राकेश कुमार उपाध्याय व नेतृत्व सचिव रंजीत श्रीवास्तव व कामरेड केके तिवारी ने की।
इस मौके पर उपाध्यक्ष मोहित गुप्ता, सुनील श्रीवास्तव, उपसचिव मनोज प्रजापति, अमित पांडेय एवं कार्यकारिणी सदस्य गंगेश्वर पांडेय आदि मौजूद रहे।