आसान किस्त योजना : 40 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने कराया पंजीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मंडल के तीनों जिलों में बिजली उपभोक्ताओं के लिए आसान किस्त योजना (एकेवाई) चलाई जा रही है। इसमें बकाएदारों का सरचार्ज माफ कर किस्तों में मूलधन वसूला जा रहा है। एकेवाई में 234302 उपभोक्ता पात्र पाए गए थे जिसमें 17 मार्च तक करीब 40 प्रतिशत उपभोक्ता पंजीकरण करा चुके थे।
विद्युत निगम राजस्व घाटे से पार पाने के लिए किसान-एकेवाई व एकेवाई योजना चला रहा है। योजना के तहत मंडल में कुल 336421 उपभोक्ताओं को चिह्नित किया गया था। इसमें 102119 ऐसे उपभोक्ता हैं जिनका कनेक्शन सालों पहले बंद हो चुका है यानी उपयोग में नहीं है लेकिन निगम के रेकॉर्ड से स्थाई रूप से अलग नहीं किए जा सके हैं। इसलिए निगम इन उपभोक्ताओं को अनट्रेस्बल सूची में डालकर एकेवाई से अलग कर दिया है। शेष 234302 उपभोक्ता योजना में पात्र पाए गए। इनमें से 40 प्रतिशत लोगों ने एकेवाई में पंजीकरण कराकर नियमित किस्त जमा कर रहे हैं। किसान-एकेवाई में 7391 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष करीब 16 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया है। मुख्य अभियंता एआर सिंह ने बताया कि एकेवाई में प्रगति अनुमान से काफी बेहतर है। वित्तीय वर्ष समाप्ति तक लक्ष्य प्राप्ति का प्रयास युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।
------------