बस्ती। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 18 फरवरी से शुरू हो जाएगी। इसकी तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई हैं। जिले के सभी 130 परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में प्रश्न पत्र और कॉपियां पहुंचाई जाने लगींं हैं। मजिस्ट्रेट अपनी देखरेख में इसे विद्यालय के स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवा रहे हैं। 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से इसकी निगरानी की जा रही है। स्ट्रांग रूम के बाहर सुरक्षा गार्ड भी तैनात किए जा रहे हैं।
बता दें की बोर्ड की परीक्षा सकुशल संपन्न कराने के लिए 130 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती रहेगी। इसके अलावा सुपर मॉनिटरिंग के लिए 22 सेक्टर और चार जोनल सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। यह अधिकारी परीक्षा के दौरान भ्रमण शील रहेंगे। इसके अलावा पांच सचल दल का भी गठन किया गया है। प्रत्येक दल में एक प्रभारी समेत पांच सदस्य शामिल किए गए हैं। परीक्षा के दौरान यह टीमें केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगी।
-
कंट्रोल रूम भी सक्रिय
माध्यमिक शिक्षा विभाग कार्यालय में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया गया है। इसमें वाईफाई सुविधा से लैस दस हाईटेक कंप्यूटरों से जिले के 130 परीक्षा केंद्रों की निगरानी शुरू कर दी गई है। यहां तकनीक एक्सपर्ट की ड्यूटी लगाई गई है। 24 घंटे सभी परीक्षा केंद्र कंट्रोल रूम से लाइव जोड़े गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। वहीं इस बार कक्ष निरीक्षक भी 3200 से 3500 की संख्या में नियुक्त किए जा रहे हैं। इसमें लगभग तीन सौ कक्ष निरीक्षक आरक्षित कोटे में रखे जाएंगे। कक्ष निरीक्षकों की तैनाती के लिए पत्र निर्गत करना शुरू कर दिया गया है। इसमें माध्यमिक शिक्षकों के अलावा 50 प्रतिशत के लगभग परिषदीय शिक्षक भी शामिल किए जा रहे हैं।
-
परीक्षा में शामिल होंगे 74,158 विद्यार्थी
हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की यूपी बोर्ड परीक्षा में इस बार कुल 74,158 विद्यार्थी शामिल होंगे। जिले में 22 राजकीय विद्यालय, 70 सहायता प्राप्त विद्यालय और 309 वित्तविहीन विद्यालय संचालित है। हाईस्कूल में पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या 39,944 है। इसमें बालक 19,014 और बालिका 19,930 शामिल हैं। जबकि इंटरमीडिएट में पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या 34,214 है। इसमें बालक 16,568 और बालिका 17,646 है। इन परीक्षार्थियों के लिए कुल 130 केंद्र बनाए गए हैं।
कोट
बोर्ड परीक्षा को लेकर समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। स्टेटिक, सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर अगले दो दिन के भीतर प्रश्न पत्र और कॉपियां पहुंचा दी जाएगी। सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा कराई जाएगी।
-संजय सिंह, डीआईओएस