बस्ती। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा को लेकर इस बार 117 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन पर 95 आपत्तियां प्राप्त हुई थी। जिनकी सुनवाई के बाद निस्तारण रिपोर्ट परिषद को भेज दी गई थी। दो दिनों से परीक्षा केंद्रों के अंतिम सूची जारी होने का इंतजार किया जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही थी कि बुधवार को केंद्रों की अंतिम सूची जारी हो जाएगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जिससे केंद्रों में फेरबदल को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
पिछले चार दिसंबर तक परीक्षा केंद्रों को लेकर आपत्तियां दर्ज कराने का समय निर्धारित था। ऑनलाइन पोर्टल पर कुल 95 आपत्तियां प्राप्त हुई थी। इसमें ज्यादातर आपत्ति परीक्षा केंद्रों पर अधिक छात्र संख्या आवंटन से जुड़ी हुई थी। इसके अलावा कुछ केंद्रों की मानक से अधिक दूरी होने की दलील भी आपत्तियों में दी गई थी। जिला स्तरीय समिति की निगरानी में इन आपत्तियों का निस्तारण किया गया। विभागीय सूत्रों के अनुसार मानक से अधिक दूरी से संबंधित आपत्तियों में सत्यता नहीं पाई गई है। जिन केंद्रों पर छात्र संख्या का आवंटन अधिक हुआ है उसमें संशोधन की संस्तुति निस्तारण रिपोर्ट में की गई है। कुछ विद्यालय संचालकों का कहना है कि आपत्तियों का यदि सही ढंग से निस्तारण होगा तो एक- दो की संख्या में परीक्षा केंद्र भी बदल सकते हैं। वहीं विभागीय जानकार बता रहे हैं कि परीक्षा केंद्रों में फेरबदल होना मुश्किल है। छात्र आवंटन को लेकर परिषद स्तर से फेरबदल किया जा सकता है। इस ऊहापोह की स्थिति में केंद्रों की संशोधित सूची जारी होने का इंतजार किया जा रहा है।
कोट
आपत्तियों के निस्तारण संबंधी रिपोर्ट परिषद को निर्धारित समयावधि में भेज दी गई है। इसके बाद केंद्रों की अंतिम सूची कभी भी जारी हो सकती है। एक- दो दिन में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। इसके बाद कक्ष निरीक्षक और केंद्राध्यक्षों के तैनाती की कार्रवाई शुरू हो जाएगी।
संजय सिंह, डीआईओएस