बस्ती। बिजली निगम में संविदा कर्मचारियों के छंटनी के विरोध में बुधवार को भी संघ के अध्यक्ष अशर्फी लाल की अगुवाई में अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर धरना जारी रहा। इस दौरान कर्मचारियाें ने हुंकार भरी कि जब तक नए निविदा में पुराने आदेश के तहत निकाले गए कर्मचारियों का समायोजन नहीं होगा आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद रखें। कहा कि अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल बस्ती द्वारा नई निविदा में संविदा कर्मचारियों की संख्या घटाने की संस्तुति की गई है।
इस रिपोर्ट पर डिस्काॅम वाराणसी ने 668 की जगह वर्तमान निविदा में संविदा कर्मचारियों की संख्या 514 कर दी गई है। निविदा का एलओआई भी जारी कर दिया गया है। पावर कॉरपोरेशन के पुराने आदेश संख्या 295 दिनांक-15 मई 2017 का अनुपालन जब तक नहीं होगा, हमें चुप नहीं बैठना है।
इस मौके पर अश्विनी सिंह, जगदंबा उपाध्याय, विजय कुमार, रमजान अली, शैलेष यादव आदि मौजूद रहे। संवाद