बस्ती। यूपी बोर्ड के हाई स्कूल और इंटरमीडिएट के कापियों के मूल्यांकन का कार्य मंगलवार को पूरा कर लिया गया। राजकीय इंटर कालेज में बची 331 कापियों का मूल्यांकन परीक्षकों ने सकुशल पूरा कर लिया। इससे पहले तीन केंद्रों पर कापियों के मूल्यांकन का कार्य पूरा हो चुका है। अब प्रयागराज समेत जिन मंडलों से कापियां बस्ती में आई हैं। वहां कापियों के बंडल को भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कापियों के मूल्यांकन का अंतिम दिन 2 अप्रैल है।
बीते 19 मार्च से हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की कापियों का मूल्यांकन जनपद के चार केंद्रों पर चल रहा है। इनमें राजकीय इंटर कालेज में इंटरमीडिएट की 1,44,700 कापियों का मूल्यांकन किया गया। यहां 47 उप प्रधान परीक्षक और 462 परीक्षक कापियों के मूल्यांकन के लिए लगाए गए थे। राजकीय कन्या इंटर कालेज में इंटरमीडिएट की 1,38,000 कापियों का मूल्यांकन किया गया। यहां 53 उप प्रधान परीक्षक और 470 परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी। सक्सेरिया इंटर कालेज में हाई स्कूल की 1,44,700 कापियों का मूल्यांकन किया गया। इस कालेज पर 70 उप प्रधान परीक्षक और 703 परीक्षकों ने कापियों का मूल्यांकन किया। श्री कृष्ण पांडेय इंटर कालेज में हाई स्कूल के 1,59,750 कापियों का मूल्यांकन किया गया। यहां कापियों के मूल्यांकन के लिए 74 उप प्रधान परीक्षक और 745 परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी।
जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ल ने बताया कि यूपी बोर्ड के हाई स्कूल और इंटरमीडिएट के कापियों का मूल्यांकन सकुशल संपन्न हो गया है। अब जहां से कापियां आई थी वहां भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।