बस्ती। माध्यमिक शिक्षा परिषद- 2026 में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए संशोधित सूची में 13 केंद्रों की संख्या बढ़ा दी गई है। पहली बार नवंबर में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट में पंजीकृत 74158 विद्यार्थियों की परीक्षा के लिए 117 केंद्रों की सूची जारी की गई थी।
संशोधित सूची बृहस्पतिवार को परिषद की वेबसाइट पर जारी हुई तो जिले में परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 130 कर दी गई है। यह वर्ष 2025 में बनाए गए 124 परीक्षा केंद्रों से भी ज्यादा है। हालांकि अभी 22 दिसंबर तक दोबारा आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया गया है। नवंबर पहली बार 117 केंद्रों के निर्धारण के बाद 4 दिसंबर तक आपत्तियां मांगी गई थी। इस अवधि में 95 आपत्तियां प्राप्त हुई।
इसमें अधिक दूरी और अधिक छात्र संख्या आवंटित किए जाने का जिक्र किया गया था। जिला स्तरीय समिति ने इन आपत्तियों का निस्तारण किया। जिसमें केंद्र बढ़ाने की संस्तुति और छात्र आवंटन में संशोधन की संस्तुति सहित रिपोर्ट डीआईओएस स्तर से परिषद को 11 दिसंबर तक भेज दी गई थी। सात दिन बाद परिषद ने संशोधित सूची जारी की तो केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 130 कर दी गई है। इस बार पिछले वर्ष की तुलना में 6 केंद्र बढ़ाए गए हैं।
जबकि पिछले वर्ष की तुलना में परीक्षार्थियों की संख्या 5531 घटी हुई है। इसीलिए पहली सूची में छह केंद्र घटाकर 117 कर दिए गए थे। लेकिन, आपत्तियों के बाद केंद्रों पर छात्र आवंटन कम करने के लिए 13 केंद्रों की संख्या बढ़ा दी है। अब संशोधित सूची के अनुसार जिन 13 नए विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया हैं वहां अध्ययनरत बालिकाओं को स्वकेंद्र की सुविधा मिलेगी। इससे उन्हें परीक्षा देने में आसानी होगी। परिषद ने दोबारा आपत्ति दर्ज कराने के लिए 22 दिसंबर तक की तिथि निर्धारित की है। इसके बाद तीसरी बार अंतिम रूप केंद्रों की सूची जारी कर दी जाएगी।
जिले में विद्यालय
जिले में संचालित कुल विद्यालय : 401
राजकीय माध्यमिक विद्यालय : 22
सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय : 70
वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालय : 309
-
परीक्षार्थियों की संख्या
वर्ष 2026 में कुल परीक्षार्थी : 74,158
हाईस्कूल में कुल परीक्षार्थी- 39,944
इंटरमीडिएट में कुल परीक्षार्थी : 34,214
कोट
आपत्तियों की सुनवाई के बाद रिपोर्ट परिषद को भेज दी गई थी। दोबारा परीक्षा केंद्राें की संशोधित सूची जारी होते ही कार्यालय पर चस्पा करा दी गई है। इस पर 22 दिसंबर तक आपत्तियां मांगी गई है। यदि दोबारा आपत्ति मिलेगी तो जिला स्तरीय समिति सुनवाई करेगी।
-संजय सिंह, डीआईओएस।