महराजगंज। राष्ट्रीय राजमार्ग पर रजौरी के पास मंगलवार देर रात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
महराजगंज निवासी सुरेश कुमार 40 वर्ष कमला प्रसाद संसारीपुर स्थित बब्लू मोदनवाल की चाय की दुकान पर कार्य करते हैं। मंगलवार देर रात दुकान से काम खत्म कर वह साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर रजौरी के पास एक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन को कब्जे में ले लिया है।