हरदिया चौराहे पर इन्हीं दोनों वाहनों के बीच हुई है टक्कर। संवाद
बस्ती। कोतवाली क्षेत्र के लुंबिनी-दुद्धी मार्ग पर हरदिया चौराहे के पास रविवार की शाम करीब 5:30 बजे अचानक बड़ा हादसा हो गया। बस्ती से बांसी की ओर जा रहे बेकाबू ट्रेलर ने पहले सवारी से भरी ऑटो और फिर एक कार को टक्कर मार दी। ऑटो में सवार एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य यात्री घायल हो गए। मृतकों में एक की अभी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, सवारी से भरी ऑटो मनौरी चौराहे से बस्ती की तरफ आ राहा था। वह हरदिया चौराहे के करीब पहुंचा था कि सामने से आ रहे बेकाबू ट्रेलर के चालक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, इससे ऑटो पलट गया। इसके बाद ट्रेलर ने एक कार में भी टक्कर मारी, मगर कार सवार बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि ऑटो में चालक समेत कुल सात यात्री सवार थे। इसमें छह लोगों गंभीर चोटें आईं। सूचना के बाद शहर कोतवाली मोतीचंद के अलावा पटेल और बड़ेवन चौकी की पुलिस भी पहुंच गई। इस दौरान ऑटो में फंसे हुए घायलों को किसी तरह निकाल कर एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया गया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल तीन यात्रियों को मृत घोषित कर दिया। इसमें नगर बाजार क्षेत्र के खडावजाट गांव निवासी अमरजीत चाैधरी (17) पुत्र नेही लाल चौधरी और वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के वनतला गांव की रहने वाली प्रीति शुक्ला (32) की शिनाख्त कर ली गई है। एक मृतक का अभी पहचान नहीं हो पाया है। प्रीति के पति बृजेश शुक्ला और दो अन्य घायलों दिलीप चाैहान और संतोष कुमार माैर्या का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। उधर, हादसे के बाद लुंबिनी-दुद्धी मार्ग पर भीड़ जुटने के कारण काफी देर तक जाम लगा रहा।
पुलिस ने बेकाबू ट्रेलर ने अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी सहित अन्य पुलिस अफसर घायलों का हाल लेने जिला अस्पताल पहुंचे। सीओ सिटी ने बताया कि मृतकों में एक महिला की शिनाख्त कर ली गई है। दो अन्य युवकों की भी इस हादसे में मौत हुई है। जिनकी शिनाख्त कराई जा रही है।
देर रात तक जिला अस्पताल में गहमागहमी
बस्ती। हरदिया चौराहे के पास सड़क हादसा होने के कुछ ही देर बाद जिला अस्पताल में सायरन बजाते हुए एंबुलेंस और पुलिस की गाड़ियां आनी शुरू हो गईं। कुछ ही देर में अस्पताल का माहौल बदल गया। इमरजेंसी से लेकर परिसर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। पुलिस अधिकारी के अलावा बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स और भीड़ एकत्र रही। इस दौरान मृतकों की संख्या को लेकर तरह-तरह की अफवाह भी उड़ी। अस्पताल में मौजूद लोगों का कहना था कि तीन महीने पहले हरदिया चौराहे के एक किमी की दूरी पर जायरीनों से भरी बस और ट्रक की भिड़ंत की याद ताजा हो गई। उस समय भी चार लोगों की मौत हुई थी। 15 से 20 की संख्या में लोग घायल हुए थे।