महराजगंज (बस्ती)। हर्रैया थाना क्षेत्र के संसारीपुर चौराहे के पास मंगलवार दोपहर कार की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया पहुंचाया। घायलों की पहचान विकास कुमार (35) पुत्र रामफेर और अरुण कुमार (40) पुत्र गंगादीन निवासी नऊवाडाड, थाना दुधारा जनपद संतकबीरनगर के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि दोनों मंगलवार सुबह एक ही बाइक से अयोध्या दर्शन के लिए गए थे। दोपहर में घर लौटते समय जैसे ही वे हर्रैया थाना क्षेत्र के संसारीपुर चौराहे के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी हर्रैया भिजवाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान विकास कुमार की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं अरुण कुमार का उपचार सीएचसी में जारी है।