मछोइया पुल के पास हुआ हादसा, खेत की जुताई करने जा रहे थे तीनों
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज (बस्ती)। हर्रैया थाना क्षेत्र के संसारीपुर-पैकोलिया मार्ग पर मछोइया पुल के पास बुधवार की शाम गन्ना लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली को साइड देते वक्त एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। उस पर सवार दो युवकों की ट्रैक्टर से दबकर मौत हो गई। एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से उसे अस्पताल भेजवाया।
जानकारी के अनुसार, पैकोलिया क्षेत्र के खरथुआ गांव निवासी 35 वर्षीय मंशाराम पुत्र विश्वनाथ और 36 वर्षीय मस्तराम पुत्र स्वर्गीय रामपाल और 20 वर्षीय सुमित पुत्र स्वर्गीय राम निवास शाम को संसारीपुर के पास ट्रैक्टर से खेत की जुताई करने जा रहे थे। इस दौरान मछोइया पुल के पास गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई।
ट्रॉली को साइड देते वक्त ट्रैक्टर पाइपलाइन डालने के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरकर पलट गई। इससे मंशाराम और मस्तराम की ट्रैक्टर से दबकर मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सूचना के बाद पहुंचे परिवार के लोगों में कोहराम मच गया।