बस्ती। जिले में 80.38 करोड़ रुपये की लागत से दो प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण होगा। बाघानाला-परशुरामपुर और बभनान-अइला कला मार्ग के पांच मीटर चौड़ा करने की योजना है। जनप्रतिनिधियों की ओर से भेजे गए प्रस्ताव पर उसका प्राक्कलन तैयार करते हुए विभाग ने शासन में भेज दिया है।
दोनों परियोजनाओं पर कुल 80.38 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। दोनों सड़कों की लंबाई 27 किमी है, कायाकल्प होने से राहगीरों को काफी सहूलियत मिलेगी। बभनान से अइला कला तक जाने वाली सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। लगभग 14.025 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर करीब 47.10 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
यह मार्ग बभनान और भानपुर को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। सड़क संकरी और टूट-फूट जाने के कारण लोगों को अक्सर जाम और दुर्घटनाओं की समस्या का सामना करना पड़ता है।
तीन से पांच मीटर चौड़ीकरण के बाद इस मार्ग पर आवागमन अधिक सुरक्षित और तेज होगा। विधायक कवींद्र चौधरी के प्रयास पर पीडब्ल्यूडी ने एस्टीमेट बनाया और मंजूरी के लिए भेजा है। इसके अलावा हर्रैया क्षेत्र के बाघानाला से परशुरामपुर तक जाने वाले लगभग 12.110 किलोमीटर लंबी सड़क का भी जीर्णोद्धार कराया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 33.28 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
यह सड़क कई ग्रामीण क्षेत्रों को तहसील मुख्यालय से जोड़ती है। वर्षों से सड़क की स्थिति खराब होने के कारण लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के बेहतर होने से ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क मजबूत होगा और लोगों का सफर आसान बनेगा। यह मार्ग तीन मीटर से पांच मीटर चौड़ी होगी। वर्तमान में इस सड़क से होकर गुजरने वाले भारी वाहनों के कारण अक्सर लंबा जाम लग जाता है। विधायक हर्रैया अजय सिंह ने प्रस्ताव भेजा था।
बताते हैं कि दोनों सड़कों के चौड़ीकरण से यात्रा का समय कम होगा, ईंधन की बचत होगी तथा व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। फिलहाल विभाग द्वारा तैयार प्राक्कलन को स्वीकृति के लिए भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। लोगों को उम्मीद है कि यह परियोजना जल्द धरातल पर उतरेगी।