संतकबीरनगर के दो बंदी अस्थाई जेल से फरार
कोतवाली थाने में नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। संतकबीरनगर जिले के दो बंदी शुक्रवार को अस्थाई जेल से फरार हो गए। कोविड-19 संक्रमण के चलते महर्षि विद्या मंदिर में बनाई गई अस्थाई जेल से शुक्रवार भोर में दोनों खिड़की की ग्रिल तोड़कर भागे। जेलर सतीश चंद्र त्रिपाठी की तहरीर पर कोतवाली में नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सूचना पाते ही पुलिस महकमे और जेल प्रशासन में खलबली मच गई। कोतवाली समेत अन्य थानों की पुलिस ने सुबह 10 बजे तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कुछ हासिल नहीं हुआ। कोरोना के चलते जिला कारागार भेजने से पहले बंदियों को 14 दिनों तक महर्षि विद्या मंदिर मड़वानगर में बनी अस्थाई जेल में रखा जाता है। दो दिन पहले अजय निवासी धोबी टोला मगहर थाना खलीलाबाद कोतवाली, संतकबीरनगर पर एनडीपीएस एक्ट और वसीम निवासी दुधारा संतकबीरनगर चोरी के मामले में गिरफ्तार किए गए थे। आरोपी अजय को खलीलाबाद और वसीम को बखिरा थाने की पुलिस ने पकड़ा था।
जेलर की तहरीर पर कोतवाली थाने में विचाराधीन बंदी समेत नौ के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। इसमें वसीम पुत्र तैयब अली निवासी ग्राम परसा कला थाना दुधारा, अजय कुमार पुत्र छेदी निवासी धोबी टोला मगहर थाना कोतवाली खलीलाबाद के अलावा सुरक्षा में तैनात आशुतोष यादव, राकेश यादव हेड वार्डन, विंधाचल दीक्षित, होमगार्ड धर्मपाल यादव, होमगार्ड उमाशंकर शुक्ला, होमगार्ड धनीराम गौतम और जेल वार्डन कृष्ण कुमार मणि शामिल हैं।