कमिश्नर के निर्देश पर मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी ने शासन को भेजा 2. 15 करोड़ का प्रस्ताव
वीआईपी क्षेत्र सिविल लाइन एवं सर्किट हाउस का आवागमन होगा आसान
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर की तस्वीर बदल रही है। बड़ेवन-कंपनीबाग प्रवेश मार्ग पर फोरलेन सड़क का निर्माण शुरू हो गया है। जबकि दूसरे प्रवेश मार्ग अमहट पुल से आयुक्त कार्यालय तक टू- लेन सड़क बनाने का प्रस्ताव आगणन सहित तैयार कर लिया गया है। दो करोड़ 15 लाख 83 हजार की लागत से 810 मीटर लंबी यह सड़क चौड़ी की जाएगी। इससे अमहट घाट, सर्किट हाउस, कमिश्नर आवास व कार्यालय, डीएम आवास एवं जिला उद्यान समेत सिविल लाइंस के सबसे वीआईपी क्षेत्र का आवागमन आसान हो जाएगा।
अमहट से सर्किट होते हुए जिला उद्यान गेट तक की सड़क पांच मीटर चौड़ी थी। जबकि इस मार्ग पर वीआईपी का आना-जाना ज्यादा रहता है। इसी मार्ग पर सर्किट हाउस है। इस वजह से शासन के उच्चाधिकारी और मंत्रियों का आना-जाना अक्सर लगा रहता है। आवागमन की दृष्टि से इस सड़क की चौड़ाई कम महसूस की जा रही थी। कमिश्नर अखिलेश सिंह ने इस सड़क को टू-लेन में परिवर्तित करने के लिए शासन को पत्र लिखा था। इस पर पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-एक से प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इसके परिप्रेक्ष्य में 810 मीटर लंबाई में टू-लेन सड़क बनाने के लिए 2 करोड़ 15 लाख 83 हजार रुपये का आगणन तैयार किया गया, जिसे मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी के स्तर से शासन को भेज दिया गया है।
अमहट से शास्त्री चौक तक की एक किमी लंबी सड़क पहले से टू-लेन में परिवर्तित कर दी गई है। इसी मार्ग से जुड़ी अमहट से कमिश्नर कार्यालय तक की यह दूसरी सड़क होगी जो टू- लेन बनेगी। इससे इस क्षेत्र की रौनक बढ़ जाएगी। वीआईपी क्षेत्र में गाड़ियां सरपट दौड़ेंगी। सीएम, प्रमुख सचिव, प्रभारी मंत्री सरीखे वीआईपी के भ्रमण कार्यक्रम में यहां जाम जैसी स्थितियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। क्योंकि भ्रमण कार्यक्रम के दौरान वीआईपी का हेलीकॉप्टर इसी क्षेत्र में स्थित पुलिस लाइंस में उतरता है। इस वजह से सर्किट हाउस तक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों का तांता लगा रहता है। वीआईपी फ्लीट भी इधर से गुजरती है। सड़क की चौड़ाई कम होने की वजह से रूट डायवर्ट करना पड़ता है।
...
अमहट पार्क की बढ़ेगी शोभा
सिविल लाइंस क्षेत्र में अमहट से कमिश्नर कार्यालय तक दूसरी टू-लेन सड़क बनने से अमहट घाट और छठ मेला की रौनक बढ़ जाएगी। अमहट पर प्रतिदिन सुबह-शाम टहलने वालों की भीड़ जुटती है। टू-लेन सड़क बनने से अब लोगों को सड़क की पटरी पर चलने में आसानी होगी। वाहनों का दबाव नहीं महसूस होगा। इसे जोड़ने वाली दोनों सड़कें टू-लेन हो जाएंगी। यहां वर्तमान में कुआनो नदी के तट पर घाट, पार्क का निर्माण का चुका है।
...
मालवीय मार्ग का संवरना बाकी
मालवीय मार्ग का संवरना अभी बाकी है। इसी से जुड़े कंपनीबाग-बड़ेवन तक की सड़क फोरलेन में परिवर्तित होनी शुरू हो गई है। ऐसे में फोरलेन से उतरने के बाद मालवीय मार्ग पर आते ही दुश्वारियां शुरू हो जाएंगी। यह टू-लेन सड़क रखरखाव के अभाव में खस्ताहाल हो चुकी है। जगह-जगह डिवाइडर टूट गए हैं। सड़क का पैचकार्य उखड़ गए हैं। बीच-बीच में गड्ढे हैं। सड़क के दोनों तरफ हरियाली के लिए बनाए गए ब्रिक गार्ड भी गायब हाे गए हैं। फिर से इस सड़क को संवारने में भारी भरकम बजट खर्च हो तभी काम बनेगा।
...
कोट
अमहट से कमिश्नर कार्यालय तक की सड़क को टू-लेन में परिवर्तित करने के लिए आगणन तैयार कर लिया गया है। शासन को स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है। उम्मीद है कि जल्द ही इस सड़क पर स्वीकृति की मुहर लग जाएगी।
-अवधेश प्रसाद, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-एक