मुंडेरवा। क्षेत्र के बिहरा तिराहे पर रविवार देर शाम स्कूटी और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें तीन लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने दो को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, ऊचागांव निवासी शिवम पांडेय (16) पुत्र स्व. बैजनाथ पांडेय और शिवम पांडेय (15) पुत्र अनिल पांडेय स्कूटी से अपने गांव से देवरिया गांव के शिव मंदिर जा रहे थे। अभी वह बिहरा तिराहे पर पहुंचे ही थे कि सामने से बाइक से आ रहे मुंडेरवा कस्बे के मंझरिया निवासी जगदीश (28) अपने जीजा की बाइक लेकर मुंडरेवा जा रहे थे। बिहरा तिराहे पर बाइक और स्कूटी की आमने-सामने से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी दोनों वाहनों पर सवार तीनों लोग दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर मुंडेरवा पुलिस पहुंच गई। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया। जहां पर चिकित्सकों ने शिवम पांडेय 16 वर्ष पुत्र स्व बैजनाथ तथा जगदीश को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। वहीं, शिवम पांडेय पुत्र अनिल पांडेय की हालत नाजुक बनी हुई है।
बता दें कि, मृतक शिवम पांडेय के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। शिवम व उसकी बहन की देखभाल उसके चाचा करते हैं। वहीं, जगदीश पल्लेदारी का काम करके परिवार का भरण-पोषण करता था। जगदीश और शिवम की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।