बस्ती। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के मंगल बाजार के दो युवक सरयू नदी में आठ दिन से लापता हैं। एसडीआरएफ, अयोध्या पुलिस और गोताखोरों की टीम के लगातार प्रयास के बाद भी इन युवकों का पता नहीं चल सका है। दो दिन से लापता युवकों का परिवार घर पर ही मौजूद हैं। शाम ढलने तक अयोध्या से कोई खबर नहीं आई। वहीं अब परिजनों की उम्मीदें टूटने लगी है।
मंगलबाजार में बुआ के घर रह रहे युवक किशन (19) का 6 मई को जन्मदिन था। किशन के साथ उसके दोस्तों ने रात में पार्टी मनाई। अगले दिन सात मई को सुबह किशन और उसके दोस्त राज गुप्ता (20) वर्ष पुत्र राजेश गुप्ता निवासी काली मंदिर पुरानी बस्ती, अमित गुप्ता (21) पुत्र राजेश गुप्ता व अभिषेक सोनी (21) वर्ष पुत्र शंभू सोनी निवासी मंगल बाजार तथा बगल के मेहतर टोला के लकी अंसारी (19) गुड्डू अंसारी अयोध्या दर्शन करने निकले थे।
सुबह अयोध्या के लक्ष्मण घाट पर सरयू नदी में बैरिकेडिंग पार करके पांचों युवक स्नान करने लगे। इसी बीच नदी का बहाव तेज होने से पांचों डूबने लगे। धारा से टकराकर लकी और किशन ऊंचाई पर आकर गिरे। जल पुलिस की मदद से इन दोनों को बचा लिया गया। जबकि किशन के तीन अन्य दोस्त राज, अमित और अभिषेक नदी में लापता हो गए। 46 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद 9 मई को राज का शव बरामद हुआ।
इसके बाद अन्य दो युवक अमित और अभिषेक का पता नहीं चल सका है। छह दिन तक दोनों युवक के परिजन अयोध्या लगातार पहुंचे। एसडीआरएफ और अयोध्या पुलिस की टीम की ओर से कोई सफलता न देख बृहस्पतिवार से दोनों परिवार अयोध्या जाना बंद कर दिए हैं। आठवें दिन भी नदी एसडीआरएफ की टीम सर्च अभियान चलाया।
टीम के अनुसार डूबने वाले स्थल से नदी के बहाव की दिशा बस्ती और आंबेडकरनगर सीमा में 15 किमी लगातार सर्च अभियान चलाया गया है। दोनों युवकों का कहीं पता नहीं चल सका। बृहस्पतिवार को भी संतोषजनक सूचना नहीं मिलने पर अमित और अभिषेक के परिजन निराश हो गए।
कोट
लापता युवकों की तलाश अयोध्या प्रशासन की तरफ से बृहस्पतिवार को भी कराई गई है। अपने जनपद सीमा में भी सरयू नदी के किनारों पर नजर रखी जा रही है। इसके लिए नदी के तटवर्ती क्षेत्र में रहने वाले आम नागरिकों से भी पुलिस मदद मांग रही है। जैसी कोई सूचना आती हैं परिजनों को बताया जाएगा।
श्यामकांत, एएसपी, बस्ती।