भानपुर। तहसील क्षेत्र के तुरकौलिया उर्फ करमहिया गांव में खेतों में पराली जलाने से दो किसानों की गन्ना और धान की फसल जलकर नष्ट हो गई। हल्का लेखपाल ने मौके पर जांच कर पराली जलाने वाले किसान के विरुद्ध रिपोर्ट तैयार कर तहसील प्रशासन को कार्रवाई के लिए भेज दी है।
रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार दोपहर लगभग 1:25 बजे गांव निवासी रामकुमार ने अपने खेत में पराली जलाई थी, जिससे बगलगीर किसानों अमर पाल के रेहनदार राकेश सिंह, ऋषि कपूर, राजकुमार की गन्ना फसल और जैसराम की धान की फसल आग की लपटों में आकर जल गई। इसके अतिरिक्त सल्टौवा ब्लॉक क्षेत्र के किसान संजय कुमार के खिलाफ भी खेत में पराली जलाने की शिकायत दर्ज कराई गई है।
इस मामले में एसडीएम हिमांशु कुमार ने नाराजगी जताते हुए कहा कि किसानों से लगातार पराली न जलाने की अपील की जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों को सक्रिय किया गया है ताकि ऐसे मामलों की तत्काल रिपोर्ट की जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि जहां से शिकायतें प्राप्त होंगी, वहां निर्धारित जुर्माने के साथ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।