दो की मौत, 84 दिन बाद शून्य रहा पॉजिटिव केस
बस्ती। जिले में बुधवार को किसी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव नहीं आई है, लेकिन पहले से संक्रमित दो लोगों की मौत हो गई। दोनों लोगों का ओपेक चिकित्सालय कैली में इलाज हो रहा था।
22 मार्च से 84 दिन बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि जिले में कोई भी कोविड पॉजिटिव केस नहीं मिला है। दूसरी ओर पहले से संक्रमित दस लोगों ने कोरोना से जंग जीत ली है। उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। जिले में अब भी 42 केस एक्टिव हैं।
सीएमओ डॉ. अनूप कुमार ने बताया कि कोविड के मामले जरूर कम हुए हैं, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। कम्युनिटी में दोबारा यह संक्रमण न फैलने पाए, उसके लिए सजग रहने की जरूरत है। इस बार के दस्तक अभियान में संभावित कोविड रोगियों की पहचान के लिए बुखार और आईएलआई वाले मरीजों की पहचान कर उनकी अनिवार्य रूप से जांच कराई जाएगी।
जिले में अब तक 596907 नमूने एकत्रित किए गए हैं। इनमें से 591019 की रिपोर्ट आ गई है, जिसमें से 579341 नमूने निगेटिव पाए गए हैं, जबकि 11678 पॉजिटिव केस हैं। 5888 नमूनों के परिणाम का इंतजार है, जबकि अब तक 11294 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। जिले में कोरोना से अब तक 327 लोगों की मौत हो चुकी है।