बस्ती। स्वास्थ्य विभाग में चिकित्साधिकारियों की जिम्मेदारियों के बंटवारे को लेकर एक नया आदेश चर्चा में है। सीएमओ के अवकाश पर रहने के दौरान प्रभारी सीएमओ का दायित्व संभाल रहे डॉ. एके गुप्ता ने सीएचसी रुधौली के अधीक्षक डॉ. आनंद कुमार मिश्रा को सीएचसी सल्टौआ का भी अतिरिक्त प्रभार दे दिया है। सल्टौआ में पहले से ही चिकित्साधिकारी तैनात हैं। ऐसे में वहां अतिरिक्त अधीक्षक की जिम्मेदारी दूसरे केंद्र के चिकित्साधिकारी को सौंपने के फैसले पर सवाल उठ रहे हैं।
आदेश के अनुसार, पूर्व में सीएचसी सल्टौआ के अधीक्षक/प्रभारी चिकित्साधिकारी की जिम्मेदारी डॉ. मनीष को दी गई थी। अतिरिक्त दायित्वों के निर्वहन में उनके असमर्थता जताने के बाद आदेश में आंशिक संशोधन किया गया। इसके तहत डॉ. मनीष मद्धेशिया को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करते हुए सीएचसी रुधौली के अधीक्षक डॉ. आनंद कुमार मिश्रा को सीएचसी सल्टौआ का भी अधीक्षक/प्रभारी चिकित्साधिकारी नामित कर दिया गया। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि डॉ. आनंद कुमार मिश्रा दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकीय सेवाओं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और प्रशासनिक कार्यों का सुचारु संचालन सुनिश्चित करेंगे। विभागीय जानकारों ने बताया कि जब सीएचसी सल्टौआ में पहले से चिकित्साधिकारी मौजूद हैं तो वहां की प्रशासनिक जिम्मेदारी रुधौली के अधीक्षक को सौंपने की जरूरत क्यों पड़ी? जबकि यहां पहले से कई चिकित्सक एमओआईसी स्तर के तैनात हैं। डॉ. एके गुप्ता ने बताया कि आवश्यकतानुसार यह फेरबदल किया गया।