शोहरतगढ़ से दिल्ली जा रही प्राइवेट डबल डेकर बस बस्ती बांसी रोड पर शुक्रवार को दिन में साढ़े तीन बजे के करीब वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के महुआरी गांव के पास एक बाइक को टक्कर मार सड़क किनारे खड्डे में गिर गई।
इस हादसे में बाइक बस के नीचे आ गई जिससे बाइक चला रहे युवक और उस पर बैठे एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसी बाइक पर सवार एक महिला व बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर किया गया है। बस में सवार लोगों को मामूली चोटें आई थीं जिन्हें दूसरे साधनों से बस्ती भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को कोतवाली बस्ती क्षेत्र के कटरा बाईपास निवासी विनोद कुमार गुप्ता (30)पुत्र पुत्र राममूर्ति अपने पड़ोसी की पत्नी गुड़िया (32)पत्नी अजय पांडेय, उनके पुत्र आयुष पांडेय (08) और बेटी सौम्या पांडेय(12) के साथ रुधौली थाना क्षेत्र के परसा पुरई गांव जा रहे थे।
गुड़िया के गांव में पंचायत चुनाव को लेकर शनिवार को वोट पड़ने वाले हैं। ऐसे में विनोद उन लोगों को लेकर गांव छोड़ने जा रहा था। चारों एक ही बाइक पर सवार होकर बस्ती बांसी रोड पर पड़िया चौराहे से थोड़ा आगे महुआरी गांव के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रही अनियंत्रित डबल डेकर बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद खुद सड़क के किनारे दरेशी(खड्डे) में गिर गई।
बाइक फंसकर बस के नीचे आ गई जिससे बाइक चला रहे विनोद कुमार गुप्ता और सवार आयुष पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गुड़िया और उनकी बेटी सौम्या गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बस के नीचे से निकलवाया और गंभीर रूप से घायल गुड़िया और सौम्या को जिला अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने दोनों की हालत नाजुक देख उन्हें मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया।
सीओ सिटी ने बताया कि मौके पर बस के नीचे से दो शव मिले जिनकी पहचान विनोद और आयुष के रूप में हुई। एक महिला और उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल थीं जिन्हें मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर किया गया है। बस में सवार लोगों को हल्की चोटें आई थीं। उन्हें दूसरे साधनों से बस्ती भेजा गया।