फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Basti News: क्राइम ब्रांच का डर दिखाकर खाते खाली करने वाले दो गिरफ्तार

विज्ञापन
पुलिस की गिरफ्त में साइबर ठगी के आरोपी।-पुलिस
विज्ञापन
बस्ती। क्राइम ब्रांच का अधिकारी बनकर लोगों के खाते खाली करने वाले गैंग का खुलासा हुआ है। पुलिस ने गैंग से जुड़े दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी यूपीआई पर मोबाइल नंबर डालकर पहले व्यक्ति का नाम पता करते थे। इसके बाद फोन कर अश्लील वीडियो देखने और केस दर्ज होने का डर दिखाकर लोगों से ठगी करते थे।
विज्ञापन

अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि 5 सितंबर को साइबर ठगी के मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी। इसमें दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान गोंडा के छपिया थाना क्षेत्र के मस्कनवा बाजार निवासी आदित्य गुप्ता (28) और कानपुर नगर के गुजैनी थाना क्षेत्र के कंचनपुर निवासी अजय सिंह (24) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आदित्य करीब दो साल से साइबर अपराध में शामिल था। वह साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले बैंक खाते और सिम साथियों को उपलब्ध कराता था। इसके बदले ठगी की रकम का 30 प्रतिशत हिस्सा लेता था।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मोबाइल नंबर की जानकारी जुटाने के बाद पीड़ित को फोन किया जाता था। उसे बताया जाता कि उसके खिलाफ 42 पन्नों की सीडीआर मिली है और अश्लील वीडियो देखने के आरोप में केस दर्ज किया जा रहा है। कोर्ट से मामला खत्म कराने के नाम पर चार लाख और थाने से निपटाने के लिए 15 हजार रुपये मांगे जाते थे। रकम मिलने के बाद आवाज बदलकर खुद को वरिष्ठ अधिकारी बताते और मामला गंभीर होने का डर दिखाकर फिर रुपये ऐंठते थे।
विज्ञापन

पुलिस के मुताबिक, इसी तरीके से जौनपुर के एक व्यक्ति से भी 11 हजार रुपये ठगे गए थे। आरोपियों के खिलाफ 12 राज्यों में मामले दर्ज थे। इनमें आरोपियों ने 3.23 लाख रुपये ठगे थे, जिसमें से 1.72 लाख रुपये होल्ड कराए गए हैं। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल, पांच सिम, चार एटीएम कार्ड, दो चेकबुक, दो पासबुक और चार हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं।
एएसपी ने बताया कि आरोपी विदेशी नागरिक बनकर, डिजिटल अरेस्ट व अन्य तमाम तरीकों से लोगों को ठगते थे। आदित्य ने बताया कि उसकी एक फर्म है, जिससे वह सिमकार्ड उपलब्ध कराता था। उसने अपने भाई रितिक के खाते का भी उपयोग साइबर फ्रॉड की रकम मंगवाने में कर चुका है। उसने 10-12 बैंक खाते खुलवाए और अपने भाई के नाम-पते से बैंक में लिंक करने वाला सिमकार्ड भी जारी करवाया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें